खरवा हाईवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रेलर के केबिन में फंसा रहा चालक; दमकल दल ने आग पर पाया काबू
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल |खरवा हाईवे पर शुक्रवार को दो ट्रेलरों की भिड़ंत के बाद एक ट्रेलर में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के दौरान ट्रेलर का चालक केबिन में फंस गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और चालक की जिंदा जलने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही नगर परिषद ब्यावर के अग्निशमन विभाग का दमकल वाहन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ।सूचना मिलने पर सहायक अग्निशमन अधिकारी ताराचंद भट्ट के नेतृत्व में अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। अग्निशमन दस्ते में पारी प्रभारी बलराम सिंह, वाहन चालक मोहम्मद इस्माईल, धर्मेंद्र कुमार तथा नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक हुसैन खान शामिल रहे।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर ट्रेलर में लगी आग पर काबू पाया। बताया गया कि आग ट्रेलर के ड्राइवर केबिन में लगी थी और आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि चालक को बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका। हादसे में चालक की मौके पर ही जिंदा जलने से मौत हो गई।
मृतक की पहचान देवानन्द पुत्र शंकर, उम्र करीब 50 वर्ष, निवासी दूदू के रूप में हुई है। वह श्रीनिधि ट्रांसपोर्ट कंपनी से जुड़ा बताया गया है। हादसे में शामिल ट्रेलर का पंजीयन नंबर RJ 36 GB 0840 बताया गया है। घटना के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना पर संबंधित पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।