पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने और लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
अनिल कुमार खींची
ब्यावर|स्मार्ट हलचल|विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत लगेतखेड़ा ग्राम पंचायत में आयोजित जन सेवा शिविर का शनिवार को उपखंड अधिकारी ब्यावर जयपाल सिंह राठौड़ ने निरीक्षण किया। एसडीएम ने शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए काउंटरों का जायजा लेते हुए अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों और उनके निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली।राठौड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो तथा उनकी समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जाए। उन्होंने विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया।
एसडीएम ने शिविर में प्राप्त प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने, प्रगति रिपोर्ट तैयार करने तथा अभियान के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।