अधिक से अधिक संचालकों को संगठन से जोड़ने पर जोर, अगली बैठक में गठित होगी कार्यकारिणी
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल |ई-मित्र एसोसिएशन जिला ब्यावर की प्रथम बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलेभर के ई-मित्र संचालकों ने भाग लिया और संगठन को मजबूत बनाने के साथ संचालकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर चर्चा की।बैठक में ई-मित्र एसोसिएशन के संगठनात्मक गठन एवं विस्तार पर विचार-विमर्श किया गया। संचालकों ने कहा कि ई-मित्र केंद्रों के माध्यम से आमजन को विभिन्न सरकारी एवं जनकल्याणकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ऐसे में संचालकों से जुड़े मुद्दों को सामूहिक रूप से उठाने के लिए मजबूत संगठन की आवश्यकता है।बैठक में जिले के अधिक से अधिक ई-मित्र संचालकों को संगठन से जोड़ने तथा सभी को एक मंच पर लाने पर जोर दिया गया। साथ ही तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान के लिए सामूहिक रूप से संबंधित स्तर पर प्रयास करने पर सहमति बनी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि किसी भी संचालक की समस्या को व्यक्तिगत स्तर तक सीमित रखने के बजाय संगठन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा। इससे समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी तरीके से प्रयास किया जा सकेगा।
अगली बैठक में होगा कार्यकारिणी का गठन
बैठक में तय किया गया कि आगामी बैठक में ई-मित्र एसोसिएशन की कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इसके बाद संगठन की जिम्मेदारियां तय करने के साथ सदस्यता विस्तार और ई-मित्र संचालकों से जुड़े विषयों को लेकर आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उपस्थित संचालकों ने संगठन को मजबूत बनाने और एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।