* पोषण थाली रही आकर्षण का केंद्र-उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं का हुआ सम्मान
शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल|नगर पालिका सभागार भवन में रविवार को विकसित भारत जनसेवा अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा एवं पोषण अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आकर्षक पोषण रंगोली सजाकर और पोषण थाली प्रदर्शित कर संतुलित एवं पौष्टिक आहार का संदेश दिया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष अर्चना चोपदार ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इस कार्य में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा सहयोगिनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने का आह्वान किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की महिला पर्यवेक्षक चंद्रकांता पारीक ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार की जानकारी देते हुए गर्भावस्था एवं प्रसव के बाद बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। कार्यक्रम में कुपोषण से बचाव, गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर टीकाकरण, स्वच्छता, साफ पानी तथा बच्चों में व्यक्तिगत स्वच्छता की आदतें विकसित करने पर जोर दिया गया। साथ ही विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों से लाभ उठाने की अपील की गई।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लीला शर्मा ने बच्चों के उचित पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं समय पर टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। नगर पालिका परिसर में सजाई गई पोषण रंगोली एवं प्रदर्शित पोषण थाली कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। नगर पालिका उपाध्यक्ष ओमप्रकाश जाट ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए पौष्टिक आहार जरूरी है। उन्होंने समय पर टीकाकरण को भी बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ललिता शर्मा, आशा सेन, बाला सेन, अरुण गुगलिया, सहायिका एवं आशा सहयोगिनियों के अलावा वार्ड पार्षद विष्णु तिवारी, राकेश भील, श्याम राजोरा, रामूदेवी माली एवं योगेंद्र चौपदार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।