5 महीने में दूसरी बार जुझारजी महाराज की मूर्ति खंडित, तेली समाज में आक्रोश,कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|प्रताप नगर स्कूल परिसर स्थित प्राचीन जुझारजी महाराज मंदिर में पांच महीने के भीतर दूसरी बार मूर्ति खंडित किए जाने की घटना को लेकर तेली समाज में आक्रोश है। घटना के विरोध में सोमवार को तेली समाज और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।साहू महासभा के पदाधिकारी कुशल साहू ने बताया कि प्रताप नगर स्कूल परिसर में स्थित प्राचीन जुझारजी महाराज मंदिर तेली समाज सहित स्थानीय लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां लोग नियमित रूप से पूजा-अर्चना करते हैं। इसके बावजूद मंदिर में बार-बार तोड़फोड़ और मूर्ति खंडित किए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

उन्होंने बताया कि मंदिर में पहली घटना 17 मई 2026 को हुई थी। इसके बाद 26 सितंबर को दोबारा मंदिर में तोड़फोड़ कर जुझारजी महाराज की मूर्ति को खंडित कर दिया गया। पांच महीने में दूसरी बार हुई इस घटना से समाज और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

कुशल साहू ने आरोप लगाया कि दोनों घटनाओं को लेकर प्रताप नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में समाज के लोग आज कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मूर्ति खंडित करने वाले आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।