दिनेश लेखी
स्काउट आंदोलन को प्रभावी बनाने और शैक्षिक नवाचारों पर हुई चर्चा
कठूमर। स्मार्ट हलचल|राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कठूमर का 30वां वार्षिक अधिवेशन प्रधान रवि दत्त वकील की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वज शिष्टाचार के साथ की गई। इसके बाद अधिवेशन की विधिवत कार्यवाही शुरू हुई।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गारू के प्रधानाचार्य कृष्णकांत गुप्ता ने उपस्थित अतिथियों, प्रधानाचार्यों, स्काउट गाइडरों एवं सदस्यों का स्वागत किया। स्थानीय संघ के सचिव ओम प्रकाश गुप्ता ने गत वर्ष की गतिविधियों का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस दौरान कोषाध्यक्ष एवं ऑडिटर की नियुक्ति की गई तथा आजीवन सदस्यों को शपथ ग्रहण कराई गई।
अधिवेशन में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष चंद्र रावत ने स्काउट एवं गाइड प्रवृत्ति को विद्यालयों में अधिक प्रभावी बनाने पर विचार रखे। बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय नंबर दो खेरली के प्रधानाचार्य बालकिशन तिवारी ने स्काउट आंदोलन एवं शैक्षिक नवाचारों पर अपनी वार्ता प्रस्तुत की। वहीं आरपी ब्लॉक कठूमर के लक्ष्मण सिंह राजपूत ने ईको क्लब के सफल संचालन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर जानकारी दी।
प्रभारी जिला कमिश्नर एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राधेश्याम चौधरी ने स्काउट गाइड गतिविधियों को विद्यालय स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया तथा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्काउट आंदोलन विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रधानाचार्य, स्काउट गाइडर एवं स्काउट गाइड सदस्य मौजूद रहे। मंच संचालन उमेश कुमार शर्मा ने किया।