इटावा । स्मार्ट हलचल।अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वृद्धाश्रम इटावा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत स्वास्थ्य, डिजिटल जागरूकता एवं सम्मान से जुड़े विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों को सम्मान, स्वास्थ्य सुरक्षा, अधिकारों की जानकारी और डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाने के साथ उनके जीवन में अपनत्व एवं खुशियों का संचार करना रहा।जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती संध्या रानी बघेल के दिशा-निर्देशन एवं शासकीय निर्देशों के अनुपालन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10:00 बजे स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर से हुई। स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सकीय टीम ने वृद्धाश्रम में निवासरत सभी बुजुर्ग माताओं एवं पिताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराईं।इसके पश्चात दोपहर 12:00 बजे डिजिटल साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक श्री सतीश कुमार ने बुजुर्गों को डिजिटल बैंकिंग, ऑनलाइन लेनदेन तथा सुरक्षित वित्तीय व्यवहार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से श्री वाचस्पति द्विवेदी एवं श्री आनंद कुमार ‘अक्षरा’, साथ ही श्रम विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने वृद्धजनों से संवाद कर उनके अनुभव सुने और उन्हें सम्मान एवं सहयोग का भरोसा दिलाया।
ऑक्सफोर्ड शिक्षा प्रसार संस्थान, लेवरियान, छिबरामऊ (कन्नौज) द्वारा संचालित वृद्धाश्रम के प्रबंधक, संस्था सचिव डॉ. राजवर्धन शुक्ल एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती अनुराधा शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण विभाग एवं संस्था के पदाधिकारियों द्वारा वृद्धाश्रम के सभी वृद्धजनों को फल एवं वस्त्र वितरित किए गए। प्रशासनिक अधिकारियों, चिकित्सकों एवं समाजसेवियों को अपने बीच पाकर बुजुर्गों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि वृद्धजनों की सेवा केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संवेदना और मानवीय जिम्मेदारी का प्रतीक है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से वृद्धजनों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन के प्रति समाज को निरंतर जागरूक करने का संकल्प लिया गया।