झूलों का लिया आनंद, घरेलू सामान और खानपान की दुकानों पर रही रौनक; सुरक्षा को लेकर पुलिस और मेला प्रशासन मुस्तैद
खखरेरू/स्मार्ट हलचल।फतेहपुर नगर पंचायत में अश्विन मास के पितृ पक्ष में आयोजित पांच दिवसीय मेले के तीसरे दिन गुरुवार को महिलाओं और बच्चों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मुख्य मार्ग से लेकर मेला परिसर तक लोगों की चहल-पहल बनी रही। भीड़ के कारण मेले में देर शाम तक रौनक देखने को मिली।मेले की परंपरा के अनुसार शुरुआती दो दिन पुरुषों के लिए मेला आयोजित किया जाता है। इसके बाद तीसरे दिन से मेले के समापन तक महिलाओं और बच्चों की भागीदारी रहती है। इसी क्रम में तीसरे दिन बड़ी संख्या में महिलाएं, किशोरियां और बच्चे मेला देखने पहुंचे। मुख्य मार्ग से लेकर मेला मैदान के अंदर तक लोगों की भीड़ दिखाई दी।मेले में पहुंचे बच्चों और किशोरों ने विभिन्न प्रकार के झूलों का आनंद लिया। वहीं महिलाओं ने घरेलू जरूरत और घर-गृहस्थी से जुड़ी वस्तुओं की खरीदारी की। मेले में खानपान की दुकानों पर भी काफी भीड़ रही। बच्चों ने चाट, पकौड़ी, आइसक्रीम समेत अन्य खाद्य पदार्थों का आनंद लिया। खिलौने और अन्य सामान की दुकानों पर भी बच्चों की भीड़ लगी रही।
महिलाओं और बच्चों की अधिक भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन और मेला प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। मेला परिसर और आसपास के प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। पुलिस बल लगातार भीड़ के बीच गश्त करता रहा, जिससे मेले में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
मेले के तीसरे दिन भारी भीड़ के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार सक्रिय नजर आए। मेला प्रशासन की ओर से भी व्यवस्थाओं पर निगरानी रखी गई। देर शाम तक मेले में महिलाओं और बच्चों की भीड़ बनी रही।