अंबेडकर भवन में जिला स्तरीय नारी शक्ति सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम, 300 महिलाओं ने लिया भाग
अनिल कुमार खींची
ब्यावर । स्मार्ट हलचल। अंबेडकर भवन में शनिवार को जिला स्तरीय नारी शक्ति सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं से संवाद किया तथा उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनने का संकल्प दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक एवं सामाजिक भागीदारी मजबूत होने से विकसित राजस्थान के साथ विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा राजीविका से जुड़ी करीब 300 लाभार्थी महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मिल रहे लाभ एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित गतिविधियों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर कमल राम मीना, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, जिला परिषद के एसीईओ धनदान देथा, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक नितेश यादव सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी मौजूद रहे।