शाहपुरा पंचायत समिति में प्रधान बनाने का लक्ष्य लेकर जुटी कांग्रेस, सेन छात्रावास में शक्ति प्रदर्शनय नेताओं ने एकजुटता का दिया मंत्र
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस को मिली जीत के बाद अब पार्टी ने अपना पूरा राजनीतिक फोकस गांवों की ओर मोड़ दिया है। आगामी पंचायत राज चुनाव में शाहपुरा पंचायत समिति पर कांग्रेस का प्रधान बनाने के लक्ष्य के साथ रविवार को सेन छात्रावास में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में टिकट के दावेदारों का उत्साह और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने कांग्रेस के चुनावी अभियान की शुरुआती तस्वीर साफ कर दी। पंचायत समिति सदस्य के चुनाव के लिए 67 दावेदारों ने आवेदन प्रस्तुत कर अपनी राजनीतिक दावेदारी जताई।
बैठक में पर्यवेक्षक एवं गुलाबपुरा के पूर्व पालिका अध्यक्ष चेतन पेसवानी, शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे नरेंद्र कुमार रेगर, पालिका अध्यक्ष रमेश सेन, पूर्व प्रत्याशी राजकुमार बैरवा, शाहपुरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महावीर कुमावत, पूर्व प्रधान रामप्रसाद पारीक सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अर्पित कसेरा ने किया। इससे पूर्व अतिथियों का स्वागत किया गया।
पालिका की जीत को गांवों तक ले जाने की रणनीति-पेसवानी
बैठक में सबसे अधिक जोर नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस की जीत से बने राजनीतिक माहौल को पंचायत चुनाव में भुनाने पर रहा। पर्यवेक्षक चेतन पेसवानी ने कहा कि नगर पालिका चुनाव में जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है। अब इस उत्साह को ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और मतदाताओं की सहभागिता से पंचायत चुनाव में बदलना होगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता यदि एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरते हैं तो शाहपुरा पंचायत समिति में कांग्रेस का प्रधान बनाना मुश्किल नहीं है। पेसवानी ने साफ संकेत दिया कि वे चुनाव के दौरान क्षेत्र में रहकर संगठन के लिए काम करेंगे और किसी भी कार्यकर्ता को आवश्यकता होने पर उनसे संपर्क करने की बात कही।
67 दावेदारों ने किया आवेदन-
पंचायत समिति सदस्य के टिकट के लिए 67 आवेदन आवेदकों की ओर से पार्टी संगठन को पेश किये गये। कई दावेदार अपने समर्थकों के साथ बैठक स्थल तक पहुंचे। गांवों से आए समर्थकों ने नारेबाजी कर अपने-अपने दावेदारों के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया। बड़ी संख्या में आवेदन कांग्रेस के बढ़ते राजनीतिक उत्साह का संकेत हैं। एक-एक पंचायत समिति क्षेत्र में कई दावेदार सामने आने से टिकट नहीं मिलने वाले नेताओं और उनके समर्थकों को साधना संगठन के लिए अहम होगा।
नरेंद्र रेगर बोले-नगर पालिका चुनाव ने बहुत कुछ सिखाया
शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे नरेंद्र कुमार रेगर ने नगर पालिका चुनाव को संगठन के लिए सीख देने वाला चुनाव बताया। उन्होंने कहा कि पालिका चुनाव में पार्टी के साथ बगावत करने वालों को संगठन अपने स्तर पर अनुशासन का पाठ पढ़ाएगा और समय आने पर कार्रवाई भी होगी। रेगर ने कार्यकर्ताओं के सामने पंचायत समिति चुनाव का लक्ष्य स्पष्ट करते हुए कहा कि उन्होंने शाहपुरा में कांग्रेस का प्रधान बनाने का जुनून पाल लिया है और कार्यकर्ताओं के सहयोग से इस लक्ष्य को पूरा किया जाएगा।
उनके इस बयान को नगर पालिका चुनाव के बाद कांग्रेस संगठन में अनुशासन को लेकर दिए गए स्पष्ट राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। पंचायत चुनाव में पार्टी नहीं चाहती कि टिकट वितरण के बाद असंतोष या बगावत चुनावी समीकरणों को प्रभावित करे।
राजकुमार बैरवा ने दिया एकजुटता का मंत्र-
पूर्व प्रत्याशी राजकुमार बैरवा ने संगठनात्मक एकता पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर चुनाव में जुटना होगा। उन्होंने युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और पार्टी के निर्देशों की पालना करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के सामने इस बार एक ही लक्ष्य होना चाहिए शाहपुरा पंचायत समिति में कांग्रेस का प्रधान।
रमेश सेन बोले-गांवों में बन रहा कांग्रेस के पक्ष में माहौल
शाहपुरा नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेश सेन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में भी कांग्रेस को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि शाहपुरा में कांग्रेस का पालिका बोर्ड बनने के बाद गांवों में भी पार्टी के पक्ष में माहौल बन रहा है। सेन ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि इस माहौल को केवल उत्साह तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि बूथ और पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए चुनावी परिणाम में बदला जाए।
युवाओं को भागीदारी देने पर जोर
पालिका उपाध्यक्ष इशाक मोहम्मद ने पंचायत चुनाव में युवाओं को अधिक से अधिक राजनीतिक भागीदारी देने की बात कही। उन्होंने कहा कि युवा कार्यकर्ताओं की सक्रियता चुनावी अभियान को नई ऊर्जा दे सकती है।
बैठक में शाहपुरा पंचायत समिति क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कई दावेदार अपने समर्थकों के साथ नारेबाजी करते हुए बैठक स्थल तक पहुंचे। इससे साफ है कि पंचायत समिति चुनाव को लेकर कांग्रेस के भीतर अभी से राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
पालिका से पंचायत तक कांग्रेस की नजर
शाहपुरा की राजनीति में हालिया नगर पालिका चुनाव के बाद बदला राजनीतिक परिदृश्य अब पंचायत राज चुनाव की दिशा तय करता दिखाई दे रहा है। नगर पालिका में कांग्रेस की जीत के बाद पार्टी नेतृत्व ग्रामीण क्षेत्र में भी उसी राजनीतिक बढ़त को कायम रखना चाहता है। हालांकि 67 दावेदारों की दावेदारी तथा कतिपय आवेदकों द्वारा आनलाइन आवेदन करने के बीच टिकट वितरण के बाद संगठन कितनी मजबूती से सभी को साथ रख पाता है, यही कांग्रेस की सबसे बड़ी परीक्षा होगी।