11 स्थानों पर लगे शिविर, एक दिन में 287 यूनिट रक्त एकत्रित
अजय सिंह (चिंटू)
जयपुर-स्मार्ट हलचल|विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों में मंगलवार को जयपुर जिले में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जिले में 11 स्थानों पर आयोजित रक्तदान शिविरों में कुल 287 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।जयपुर प्रथम के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रवि शेखावत तथा जयपुर द्वितीय के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि शिविरों में आमजन, युवाओं सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने आगे भी नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने का संकल्प लिया।शिविरों के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने रक्तदान के महत्व की जानकारी देते हुए लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने बताया कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार स्वैच्छिक रक्तदान अभियान 17 अक्टूबर तक जारी रहेगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, उप-जिला अस्पतालों, जिला अस्पतालों, चिकित्सा महाविद्यालयों से संबद्ध रक्त केन्द्रों तथा अन्य रक्त केन्द्रों पर रक्त समूह की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके साथ ही नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदाता के रूप में पंजीकरण कराने और नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान अभियान से जोड़कर जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।