(पंकज पोरवाल)
सुभाष नगर भाईचारा कमेटी ने किया अभिनंदन, हिंदू-मुस्लिम एकता की विरासत आगे बढ़ाने की दी सीख
समर्थकों व कमेटी ने मेवाड़ के पूर्व नेता हफीज मोहम्मद की सियासी विरासत आगे बढ़ाने की जताई उम्मीद
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|यूथ कांग्रेस के पहली बार डिजिटल मतदान से हुए संगठनात्मक चुनाव में 5336 वोट हासिल कर सर्वाधिक मतों से जीत दर्ज करने वाले अली हैदर का बुधवार को सुभाष नगर भाईचारा कमेटी की ओर से अभिनंदन किया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अली हैदर और उनके पिता पीसीसी सदस्य याकूब मोहम्मद को फूल मालाएं पहनाने के साथ मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। कमेटी पदाधिकारियों ने अली हैदर को जीत की बधाई देते हुए कहा कि यूथ कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष पद से शुरू हुई उनकी राजनीतिक यात्रा अब नई जिम्मेदारी तक पहुंची है। यह यात्रा उनके दादा और मरहूम मांडल विधायक हफीज मोहम्मद की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने में मील का पत्थर साबित हो सकती है। कमेटी ने कहा कि हफीज मोहम्मद भीलवाड़ा जिले के कद्दावर कांग्रेस नेताओं में शुमार रहे। स्वर्गीय मुख्यमंत्री शिवचरण माथुर के कार्यकाल में वे भीलवाड़ा जिला प्रमुख रहे और कांग्रेस जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभाई। उन्हें मेवाड़ के प्रमुख मुस्लिम नेताओं में माना जाता था। साथ ही वे हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक के रूप में भी पहचाने जाते रहे। पदाधिकारियों ने अली हैदर को अपने दादा के संस्कारों और भाईचारे की विरासत को आगे बढ़ाने की सलाह दी। इस अवसर पर संरक्षक शहजाद खान, सदर नाहर खां कायमखानी, नायब सदर फूल मोहम्मद, महासचिव डॉ. फखरुद्दीन मंसूरी, खजांची फखरुद्दीन शेख, बंटी पठान, चांद बाबू, शाहिद खान और सलीम मंसूरी मौजूद रहे।