कोठियां में तेल टैंकर ने तीन जनों को कुचला, महिला की मौत खेत पर जा रहे मां-बेटे गंभीर घायल

अरवड़@- स्मार्ट हलचल|भीम-उनियारा एनएच-148डी मार्ग पर शुक्रवार अलसुबह कोठियां गांव के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार तेल टैंकर ने बाइक सवार व पास खड़ी महिला सहित तीन जनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। फूलियाकलां थानाधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि कोठियां निवासी ललिता देवी पत्नी रामप्रसाद जाति वेदनाई (59) शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे पैदल शाहपुरा रोड की तरफ जा रही थीं। इसी दौरान एनएच-148डी सड़क पर गांव के रामू देवी पत्नी सांवरलाल कुम्हार और देवेन्द्र पुत्र सांवरलाल कुम्हार बाइक पर सवार होकर पहुंचे। दोनों ने ललिता देवी को बातचीत के लिए रोका और सड़क किनारे खड़े होकर बात करने लगे।इसी दौरान शाहपुरा की ओर से तेज गति और लापरवाही से गलत दिशा में आया तेल टैंकर बाइक सवारों और ललिता देवी से टकरा गया। हादसे में ललिता देवी के सिर सहित पूरे शरीर में गंभीर चोटें आईं, जबकि रामू देवी और देवेन्द्र के सिर व पैरों में गंभीर चोटें लगीं।घटना की सूचना मिलने पर महावीर बलाई सहित ग्रामीणों ने सभी घायलों को राजकीय चिकित्सालय गुलाबपुरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने ललिता देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर हालत के चलते रामू देवी और देवेन्द्र को भीलवाड़ा रेफर किया गया। सूचना पर अरवड़ चौकी से पुलिस भी मौके पर पहुंची।मृतका के परिजन दीपक पुत्र रामप्रसाद ने फूलियाकलां थानाधिकारी को परिवाद देकर तेल टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।