नगर माहेश्वरी महिला संस्थान के सानिध्य में आरकेआरसी व्सास नगर माहेश्वरी महिला संगठन की संयुक्त मेजबानी में होगा ‘भक्ति बीट्स विथ गरबा फीट्स
वीणा मोदी व पल्लवी लढा के नेतृत्व में जुटीं टीमें, 14 अक्टूबर को जयपुर की भजन कॉन्सर्ट टीम देगी प्रस्तुति, 15 को गरबा में रंग जमाएंगी महिला टीमें
पंकज पोरवाल
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|भक्ति के सुर, संगीत की धुन और गरबा की उमंग…इन सबका संगम भीलवाड़ा में दो शामों को खास बनाएगा। नगर माहेश्वरी महिला संस्थान के सानिध्य एवं आरकेआरसी व्यास नगर माहेश्वरी महिला संगठन की ओर से आयोजित ‘भक्ति बीट्स विद गरबा फीट्स’ में एक शाम भजन जैमिंग और दूसरी शाम गरबा की धूम रहेगी। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। खास बात यह है कि कार्यक्रम के जरिए बच्चों और युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति व परंपराओं से जोड़ने की पहल की जा रही है। नगर माहेश्वरी महिला संस्थान की अध्यक्ष वीणा मोदी ने बताया कि आयोजन को यादगार बनाने के लिए महिला सदस्य तैयारियों में जुटी हैं। कार्यक्रम में भजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और गरबा के जरिए धर्म, संस्कृति एवं भारतीय परंपराओं से जुड़ाव का संदेश दिया जाएगा। आरकेआरसी व्सास नगर माहेश्वरी महिला संगठन के साथ मिलकर कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विशेष रूप से बच्चों और युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं धर्म से जोड़ना तथा भारतीय परंपराओं के प्रति रुचि बढ़ाना है। नगर सचिव विनीता तोषनीवाल ने बताया कि 14 अक्टूबर को भजन जैमिंग का आयोजन होगा। इसमें जयपुर से आने वाली विशेष भजन कॉन्सर्ट टीम प्रस्तुति देगी। वहीं, 15 अक्टूबर को गरबा आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रीय टीमें और महिला सदस्य उत्साह के साथ भाग लेंगी। आरकेआरसी व्सास नगर माहेश्वरी महिला संगठन की अध्यक्ष पल्लवी लढा एवं सचिव रंजना बिड़ला ने बताया कि कार्यक्रम की मंच व्यवस्था, संगीत, भजन जैमिंग और गरबा सहित सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। स्वागत नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए रिहर्सल भी जारी है। आयोजकों के अनुसार, One Celebration • Two Magical Nights (एक जश्न ऽ दो जादुई रातें) की थीम पर होने वाले इस आयोजन में भक्ति और संस्कृति के साथ मनोरंजन का भी संगम रहेगा। दोनों दिन कार्यक्रम शाम 7 बजे शुरू होंगे। आयोजन में प्रवेश पास के माध्यम से दिया जाएगा। आयोजन की गरिमा और भारतीय संस्कृति को ध्यान में रखते हुए दोनों दिन मर्यादित एवं भारतीय परंपराओं के अनुरूप वेशभूषा निर्धारित की गई है। दोनों अध्यक्षों, सचिवों एवं सभी प्रभारियों की सहमति से लिए गए निर्णय के अनुसार, निर्धारित वेशभूषा का पालन नहीं करने वालों को कार्यक्रम में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। आयोजकों ने सभी से नियमों का पालन करने की अपील की है। दो दिवसीय आयोजन को लेकर महिला सदस्यों में खासा उत्साह है। सभी टीमें भक्ति, संगीत और गरबा की प्रस्तुतियों को यादगार बनाने के लिए तैयारियों में जुटी हैं।