नाकाबंदी देख भागे नशा तस्कर, 10 किमी पीछा कर पुलिस ने पकड़ी डोडा पोस्त से भरी कार

क्रेटा कार से 262.870 किलो अवैध डोडा पोस्त बरामद, खेत की मेड़ से टकराने के बाद आरोपी अंधेरे में फरार

अनिल कुमार खींची

ब्यावर/जैतारण।स्मार्ट हलचल|जैतारण थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 262.870 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त किया है। तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार (आरजे 36 सीबी 1493) को भी जब्त किया गया है। पुलिस नाकाबंदी देखकर कार चालक ने वाहन को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने करीब 10 किलोमीटर तक पीछा किया। इस दौरान ग्राम भाकरवास के पास कार खेत की मेड़ पर पत्थरों से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद कार में सवार आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर को जैतारण थाना प्रभारी इन्द्रसिंह उप निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने झुझण्डा चौराहे पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान बर की तरफ से सफेद रंग की क्रेटा कार आती दिखाई दी। नाकाबंदी देखकर चालक ने दूर से ही कार को वापस मोड़ लिया और गलत दिशा में भगाने लगा। पुलिस टीम को वाहन पर संदेह होने पर सरकारी वाहन से उसका पीछा किया गया।

कार चालक तेज गति से वाहन भगाते हुए ग्राम भाकरवास के पास हाईवे से नीचे उतरकर पक्की सड़क की ओर चला गया। गांव के पास मोड़ पर कार खेत की मेड़ पर बनी पत्थरों की संरचना से टकरा गई। टक्कर से कार का अगला और साइड का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। चालक और अन्य सवार कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार की तलाशी ली तो उसमें रखे 15 प्लास्टिक के कट्टों में कुल 262.870 किलोग्राम डोडा पोस्त मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ और परिवहन में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया। मामले में 9 अक्टूबर को जैतारण थाने में प्रकरण संख्या 474/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण की जांच उप निरीक्षक गणपतलाल, थानाधिकारी पुलिस थाना आऊ कालू को सौंपी गई है।

अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई अजमेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि सभरवाल और ब्यावर पुलिस अधीक्षक रतन सिंह राठौड़ के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया तथा जैतारण वृत्ताधिकारी रमेन्द्रसिंह हाड़ा के निकटतम सुपरविजन में की गई।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में जैतारण थाना प्रभारी इन्द्रसिंह, सहायक उप निरीक्षक मोहनलाल विश्नोई, कांस्टेबल किसनाराम, शिवनारायण, अशोक, विकास, मनोहर चोयल, प्रहलाद, हेमराज, राकेश तथा रास थाना के कांस्टेबल संजय शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, सहायक उप निरीक्षक मोहनलाल विश्नोई और कांस्टेबल अशोक व मनोहर चोयल की विशेष भूमिका रही।