अमावस्या पर घट स्थापना के साथ नवरात्रि शुरू
अरवड़@-स्मार्ट हलचल|मानसी नदी के तट पर स्थित शक्तिपीठ श्री खेड़ाराय मातेश्वरी के स्थान पर अमावस्या के अवसर पर घट स्थापना के साथ नवरात्रि का शुभारंभ हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर में एक दिवसीय मेले का आयोजन भी किया गया। मेले में माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए कस्बे सहित आसपास के गांवों से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
इस अवसर पर श्री खेड़ाराय मातेश्वरी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने माता को नारियल, अगरबत्ती और प्रसाद चढ़ाकर घर-परिवार एवं क्षेत्र में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मेले की पूर्व संध्या पर मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय हो गया। वहीं, मेले के दौरान अलगोजा कलाकारों ने पारंपरिक वादन की प्रस्तुति देकर लोगों का मन मोह लिया।
मेले में लगी दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। महिलाओं ने घरेलू उपयोग की वस्तुएं खरीदीं, वहीं खिलौनों की दुकानों पर बच्चों की भीड़ लगी रही। बच्चों ने चकरी और झूलों का आनंद लिया। धार्मिक आस्था और मेले की रौनक से मंदिर परिसर में दिनभर उत्सवी माहौल बना रहा।