प्रेस 11 और पुलिस 11 के बीच मैत्री क्रिकेट मैच, पुलिस टीम ने मारी बाजी

साइबर प्रभारी अजीत मोगा बने मैन ऑफ द मैच, एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

सवाई माधोपुर, 10 अक्टूबर। स्मार्ट हलचल|पुलिस लाइन खेल मैदान पर शनिवार को जिला पत्रकार विकास समिति सवाई माधोपुर के संयोजन में प्रेस 11 एवं पुलिस 11 के बीच मैत्री क्रिकेट मैच आयोजित किया गया। मुकाबले में पुलिस 11 की टीम ने जीत दर्ज की। शानदार प्रदर्शन करने वाले पुलिस टीम के साइबर प्रभारी अजीत मोगा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के समापन पर पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

मैच के शुभारंभ से पहले पुलिस अधिकारियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ मुकाबले की शुरुआत हुई। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा अग्रवाल, शहर पुलिस उपाधीक्षक राजेन्द्र मीना एवं मानटाउन थाना प्रभारी सुनील गुप्ता ने पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने कहा कि दोनों टीमों ने खेल भावना के साथ मुकाबला खेला। इस तरह के आयोजन पुलिस एवं पत्रकारों के बीच आपसी सामंजस्य और सौहार्द को मजबूत करते हैं। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही।

अजीत मोगा का शानदार प्रदर्शन

मैच में पुलिस टीम के साइबर प्रभारी अजीत मोगा ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके शानदार खेल के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। पुलिस टीम की ओर से अमित, संजय एवं विजेंद्र सहित राजेश, रामनिवास, नवल, दीपक, ओमप्रकाश और मीठालाल ने भी भाग लिया।

प्रेस 11 के कप्तान रणथंभौर पत्रिका के राकेश वर्मा रहे, जबकि पुलिस 11 की कप्तानी मानटाउन थाना प्रभारी सुनील गुप्ता ने की। पत्रकार टीम की ओर से ओमप्रकाश राव, हेमेन्द्र शर्मा, सतीश वर्मा एवं राकेश वर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम में अरविंद चौहान, गिर्राज शर्मा, निर्मल सेन, विद्युत जैन, दिलीप शर्मा, सत्यनारायण सत्तू, कैलाश सोनी, पवन खंडेलवाल एवं पंकज शुक्ला भी शामिल रहे।

पत्रकार राजेश गोयल ने की कमेंट्री

मैच का सीधा प्रसारण रणथंभौर पत्रिका के साथ पत्रकारों के सोशल मीडिया चैनलों पर भी किया गया। पूरे मैच की लाइव कमेंट्री एवं एंकरिंग पत्रकार राजेश गोयल ने की। मैच में योगेश एवं यश ने रेफरी की भूमिका निभाई, जबकि लवकुश ने स्कोरर की जिम्मेदारी संभाली।

आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन एवं पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय और आपसी सौहार्द देखने को मिला। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने इस मैत्री मैच के आयोजन के लिए जिला पत्रकार विकास समिति सवाई माधोपुर एवं पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त किया।