सेवा, सहयोग और समाज उत्थान के संकल्प के साथ माहेश्वरी सभा की बैठक सम्पन्न

ब्यावर सभापति पुष्पा बल्दुआ व मसूदा पालिका उपाध्यक्ष सीता जैथलिया का किया अभिनंदन, शिक्षा-चिकित्सा और जरूरतमंदों की सहायता पर जोर

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|ब्यावर क्षेत्रीय माहेश्वरी सभा की ओर से श्री माहेश्वरी भवन में कार्यकारी मंडल की प्रथम बैठक एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री महेश वंदना के साथ हुआ। बैठक में समाज के जरूरतमंद परिवारों की सहायता, शिक्षा एवं चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को गति देने के प्रस्तावों पर सहमति बनी।संस्था मंत्री पुरुषोत्तम जाजू ने बताया कि सेवा के साथ सहयोग संकल्प के तहत समय-समय पर स्वास्थ्य जांच, नेत्र चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। जरूरतमंदों को राहत प्रदान करने के साथ स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, गौसेवा तथा मूक पशु-पक्षियों की सेवा जैसे कार्य भामाशाहों और समाजबंधुओं के सहयोग से किए जाएंगे।

नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का सम्मान

समारोह में ब्यावर नगर परिषद सभापति पुष्पा जयकिशन बल्दुआ एवं मसूदा नगर पालिका उपाध्यक्ष सीता मनोज जैथलिया का समाजबंधुओं ने माला, साफा एवं उपरना पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय माहेश्वरी सेवा सदन के उपाध्यक्ष विजय शंकर मुंदड़ा ने की। मुख्य अतिथि अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के नवनिर्वाचित सभापति संदीप काबरा तथा विशिष्ट अतिथि संदीप मुंदड़ा रहे।

शहर विकास और समाज सेवा पर दिया जोर

सभापति पुष्पा बल्दुआ ने ब्यावर शहर को आवारा पशुओं की समस्या से राहत दिलाने तथा रोशनी, सड़क और सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता से बेहतर बनाने की बात कही। उन्होंने शहर को आदर्श शहर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया। वहीं, मसूदा नगर पालिका उपाध्यक्ष सीता जैथलिया ने भी नगर में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।

महासभा सभापति संदीप काबरा ने समाज के उत्थान, शिक्षा, विकास एवं जरूरतमंदों की सहायता के लिए महासभा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने समाज आपके द्वार कार्यक्रम के माध्यम से समाज के जरूरतमंद परिवारों की जानकारी जुटाकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने और सहायता के लक्ष्य को पूरा करने पर जोर दिया।

संस्था अध्यक्ष जुगलकिशोर मनियार ने बताया कि कार्यक्रम में जिला सभा, प्रदेश सभा एवं महासभा के पदाधिकारियों सहित समाज के गणमान्यजन, मातृशक्ति और युवा साथी उपस्थित रहे। व्यवस्था में राजेश झंवर, पुनीत टवानी एवं कपिल झंवर ने सहयोग किया। संचालन विजय झंवर ने किया। अंत में मंत्री पुरुषोत्तम जाजू ने श्री माहेश्वरी पंचायत बोर्ड एवं उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।