शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर रामचरित मानस मंडल, शाहपुरा में रविवार को तुलसीकृत रामचरित मानस के नवान्ह पारायण पाठ का विधि-विधान से शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना, आरती और वंदना के साथ हुई। इस दौरान मानस भक्तों ने श्रद्धा के साथ प्रभु श्रीराम का स्मरण कर धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया।
मानस मंडल के अध्यक्ष पं. रघुनाथ प्रसाद वैष्णव की अगुवाई में रामचरित मानस का पूजन किया गया। इसके बाद आरती-वंदना के साथ नवान्ह पारायण पाठ प्रारंभ हुआ। यह धार्मिक आयोजन पाठ की पूर्णाहुति तक जारी रहा। कार्यक्रम में तेजपाल उपाध्याय, प्रेमशंकर सोनी, शंकरलाल तोषनीवाल, श्याम घीया सहित अन्य मानस भक्त मौजूद रहे।
तीन वर्षों में पूरी होती है मानस की एक आवृत्ति
मानस मंडल के अध्यक्ष पं. रघुनाथ प्रसाद वैष्णव ने बताया कि मंडल में प्रत्येक रविवार को रामचरित मानस के पांच दोहों का सस्वर पाठ किया जाता है। इसके बाद विद्वज्जनों द्वारा संबंधित दोहों का अर्थ एवं टीका प्रस्तुत की जाती है, जिससे श्रद्धालुओं को रामचरित मानस के प्रसंगों, आदर्शों और जीवन मूल्यों को समझने का अवसर मिलता है। इस नियमित परंपरा के तहत लगभग तीन वर्षों में रामचरित मानस की एक संपूर्ण आवृत्ति पूरी होती है।
उन्होंने बताया कि जिस वर्ष मानस की आवृत्ति पूर्ण होती है, उस वर्ष मंडल की ओर से विशेष धार्मिक आयोजन किया जाता है। इसी परंपरा के तहत इस बार नवरात्र में नवान्ह पारायण का आयोजन किया जा रहा है। रामचरित मानस के पाठ से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।