बैंड-बाजे और आकर्षक झांकियों ने मोहा मन, भजनों पर झूमते हुए निकले समाजबंधु
गंगापुर सिटी।स्मार्ट हलचल|अग्रवाल समाज की ओर से रविवार को महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शाम 5 बजे बजरिया स्थित अग्रवाल धर्मशाला से महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बैंड-बाजे, आकर्षक झांकियां और बड़ी संख्या में समाजबंधु शामिल हुए। भजनों की धुन पर समाजबंधु नाचते-गाते हुए आगे बढ़े। शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन के साथ हनुमानजी, शिव-पार्वती और राधा-कृष्ण की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
शोभायात्रा कोतवाली थाना, नेहरू पार्क, पुरानी अनाज मंडी, सीतारामजी मंदिर, व्यापार मंडल, देवी स्टोर चौराहा, खारी बाजार, बालाजी चौक, ट्रक यूनियन और ईदगाह मार्ग से होते हुए अग्रवाल कॉलेज पहुंची। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार और ठंडाई की व्यवस्था भी की गई।
विधायक रामकेश मीणा के निवास पर नगर परिषद सभापति कृष्ण कुमार गोयल के नेतृत्व में शोभायात्रा का स्वागत किया गया। इस दौरान उपसभापति मुजाहिद खान, पार्षद गिरधारी लाल गुप्ता, पंकज मंगलम, मुकेश देहात, काड़ू पहलवान, रामकिशोर कटारिया, राजेंद्र उर्फ मुन्ना, हनुमान नरौली, मदन मंडी, गिर्राज खेड़ापति, विकास जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। जयंती महोत्सव के तहत प्रभात फेरी, ध्वजारोहण और आमसभा सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।इस अवसर पर पूर्व सभापति शिवरतन अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज के अनेक पदाधिकारी और सदस्य भी उपस्थित रहे। शोभायात्रा के समापन पर अग्रवाल कन्या महाविद्यालय में प्रसाद वितरण किया गया।