कोटड़ी पंचायत समिति चुनाव: 27 वार्डों में 66 दावेदारों ने 70 नामांकन भरे, तीन वार्डों में अब तक खाता नहीं खुला

:- नामांकन के अंतिम दिन आज बढ़ सकती है प्रत्याशियों की संख्या
:- दोनों प्रमुख दलों में टिकट तय करने को लेकर खींचतान
राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
स्मार्ट हलचल|पंचायतीराज चुनाव 2026 में पंचायत समिति सदस्य चुनाव को लेकर कोटड़ी क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नामांकन प्रक्रिया के बीच प्रत्याशियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पंचायत समिति के 27 वार्डों में अब तक 66 उम्मीदवारों ने कुल 70 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। वहीं, वार्ड संख्या 6, 16 और 23 में अभी तक किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। ऐसे में इन तीनों वार्डों में नामांकन के अंतिम दिन मंगलवार को मुकाबले की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया के तहत निर्धारित समय तक सांमवार को उम्मीदवारों ने अपने पर्चे जमा कराए हैं। कई वार्डों में दावेदारों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। वहीं तीन वार्डों में अब तक किसी प्रत्याशी के सामने नहीं आने से राजनीतिक हलकों में भी चर्चा बनी हुई है।
अंतिम दिन बढ़ेगी दावेदारों की संख्या
नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन 13 अक्टूबर निर्धारित है। अंतिम दिन होने के कारण नामांकन केंद्रों पर दावेदारों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। अब तक खाली पड़े वार्ड संख्या 6, 16 और 23 में भी प्रत्याशियों के पर्चा दाखिल करने के कयास लगाए जा रहे हैं। ऐसे में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सभी 27 वार्डों में चुनावी मुकाबले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।
टिकटों को लेकर दोनों दलों में मंथन
पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के सामने प्रत्याशियों के चयन की चुनौती बनी हुई है। दावेदारों की संख्या अधिक होने से टिकट वितरण को लेकर राजनीतिक समीकरण साधने की कोशिशें जारी हैं। पार्टी स्तर पर संभावित प्रत्याशियों के नामों पर विचार-विमर्श और मतदाताओं के रुझान को समझने की कवायद की जा रही है। ऐसे में अंतिम समय तक उम्मीदवारों के नामों में बदलाव और नए दावेदारों के सामने आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
प्रशासन ने की तैयारियां
प्रशासन की ओर से नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। अब सभी की नजरें नामांकन के अंतिम दिन पर टिकी हैं। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के साथ चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होगी। पंचायत समिति सदस्यों के नामांकन का कार्य उपखण्ड कार्यालय में संचालित किया जा रहा है। वहीं सरपंच व वार्ड पंचों के नामांकन पंचायत मुख्यालय पर ही मतदान से एक दिन पूर्व होंगे। सदस्यों के चुनाव को लेकर दोना ही पार्टी योग्य उम्मीदवार के मैदान में उतारने तथा प्रधान की सामान्य कुर्सी पर कब्जा जमाने की कवायद में लगे नजर आ रहे है। मंगलवार को पंचायत समिति सदस्य के नामांकन करने का अन्तिम दिन होने से नामांकनपत्र लगाने वाले प्रत्याशी अपने आवेदन को पूरी बारिकी जांच के साथ तैयार कर रहे है ताकि किसी प्रकार की खामी न रहे। दिनभर उपखण्ड कार्यालय में नामांकन करने पंहुचे प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ जुटी रही। दिनभर में 27 वार्डो में 66 आवेदकों ने 70 आवेदन उपखण्ड अधिकारी के समक्ष उपस्थित हो कर प्रस्तूत किए।