नामांकन फॉर्म को लेकर मंडावर उपखंड कार्यालय में दिनभर उमड़ी भीड़

पंचायत समिति व जिला परिषद सदस्य पद के दावेदारों का लगा जमावड़ा, चुनावी सरगर्मी हुई तेज

नीरज मीणा

मंडावर। स्मार्ट हलचल/पंचायत आम चुनाव 2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही मंडावर उपखंड कार्यालय पर मंगलवार को दिनभर भारी भीड़ देखने को मिली। पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन फॉर्म लेने, जमा कराने तथा नामांकन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए बड़ी संख्या में संभावित प्रत्याशी और उनके समर्थक उपखंड कार्यालय पहुंचे।
सुबह से ही कार्यालय परिसर में दावेदारों की आवाजाही शुरू हो गई थी। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की संख्या बढ़ती गई। कई दावेदार अपने समर्थकों के साथ कार्यालय पहुंचे और नामांकन से संबंधित दस्तावेजों एवं प्रक्रिया की जानकारी लेते नजर आए।
नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही मंडावर क्षेत्र में पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। संभावित प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं से संपर्क साधने में जुट गए हैं। वहीं, राजनीतिक दलों में भी प्रत्याशियों को लेकर मंथन का दौर जारी है।
उपखंड कार्यालय परिसर में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पूरे दिन चुनावी माहौल नजर आया। दावेदारों में नामांकन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। अब आने वाले दिनों में नामांकन दाखिल होने के साथ ही पंचायत चुनाव की तस्वीर और अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है।