बिना लाइसेंस चल रहा था प्रतिष्ठान, इल्ली लगा दलिया, सिंथेटिक रंग की सॉस और नकली घी समेत कई खाद्य पदार्थ मिले
भीलवाड़ा, 14 अक्टूबर।स्मार्ट हलचल|दीपावली के त्योहार से पहले आमजन को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आजाद चौराहा स्थित मैसर्स शिव भोलेनाथ ट्रेडर्स का सघन निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित मिला। यहां अवधिपार, खराब और नकली खाद्य सामग्री मिलने पर करीब 123 किलोग्राम सामग्री मौके पर ही नष्ट करवा दी गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत मंगलवार को की गई कार्रवाई में टीम को प्रतिष्ठान पर कई तरह की संदिग्ध खाद्य सामग्री मिली। इनमें मुरमुरे, अचार, इल्ली लगा मक्का दलिया, खराब एवं सिंथेटिक रंग से तैयार सॉस, नकली सरस घी, अवधिपार भावभाजी के पैकेट, एमडीएच देगी लाल मिर्च, पापड़, पापड़ की कतरन, ड्राई फ्रूट, मल्टीग्रेड आटा और बालाजी चना दाल सहित अन्य सामग्री शामिल थी।
जांच के दौरान 12 किलोग्राम मुरमुरे, 10 किलोग्राम अचार, 18 किलोग्राम इल्ली लगा मक्का दलिया, 25 किलोग्राम खराब एवं सिंथेटिक रंग से निर्मित सॉस, पांच किलोग्राम नकली सरस घी और 16 किलोग्राम पापड़ सहित अन्य खाद्य सामग्री मिली। विभागीय टीम ने नियमानुसार करीब 123 किलोग्राम सामग्री का मौके पर ही निस्तारण करवाया, ताकि इसका उपयोग या बिक्री नहीं हो सके।
डॉ. शर्मा ने बताया कि दीपावली को देखते हुए मिठाई, मावा, दूध, पनीर, घी और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने के साथ संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि त्योहार के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेट पर अंकित निर्माण एवं समाप्ति तिथि, गुणवत्ता संबंधी जानकारी और लाइसेंस विवरण अवश्य जांचें। खुले, संदिग्ध अथवा असामान्य रंग और गंध वाले खाद्य पदार्थों को खरीदने से बचें। खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका होने पर विभाग को सूचना दें।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी साक्षी जैन, शाहरुख हुसैन सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली तक खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण, नमूनीकरण और मिलावट के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।