(नरेश कुरेडा)
टोंक। स्मार्ट हलचल|जिले में फिल्म शूटिंग को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, टोंक की ओर से फिल्म ‘आश्रम-4’ की शूटिंग के लिए गहलोद ब्रिज (नानेर रोड) पर अनुमति जारी करने के संबंध में पत्र जारी किया गया है। इससे क्षेत्र में फिल्म शूटिंग की संभावनाएं बढ़ गई हैं।जिला कलेक्टर कार्यालय की ओर से 15 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में पुलिस अधीक्षक टोंक तथा उपखंड मजिस्ट्रेट टोंक/पीपलू को संबोधित करते हुए फिल्म शूटिंग की अनुमति संबंधी प्रकरण का उल्लेख किया गया है।पत्र के अनुसार, जयपुर निवासी विजय टहलानी की ओर से फिल्म प्रोडक्शन के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदन में राजस्थान टूरिज्म ट्रेड एक्ट-2010 और राजस्थान फिल्म शूटिंग रेगुलेशन-2012 के तहत गहलोद ब्रिज (नानेर रोड) पर फिल्म ‘आश्रम-4’ की शूटिंग की अनुमति मांगी गई थी।
जिला प्रशासन के पत्र में संबंधित अधिकारियों को आवेदन की जांच कर आवश्यक रिपोर्ट मय अभिशंसा भिजवाने के निर्देश दिए गए हैं।
फिल्म की शूटिंग से जुड़ी इस प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद अब क्षेत्र में शूटिंग को लेकर चर्चा तेज हो सकती है। हालांकि, फिल्म की शूटिंग की तारीख, बॉबी देओल की मौजूदगी और शूटिंग कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि अलग से होना बाकी है।