बस में लावारिस मिला 200 किलो संदिग्ध मावा, लेने कोई नहीं पहुंचा तो टीम ने कराया नष्ट

भीलवाड़ा में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर निगरानी तेज

भीलवाड़ा, 18 अक्टूबर

स्मार्ट हलचल|त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार सुबह बस की चेकिंग के दौरान करीब 200 किलो संदिग्ध मावा बरामद किया गया। चार गठ्ठरों में बंधे इस मावे को लेने के लिए काफी देर तक कोई नहीं पहुंचा। इसके बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. संजीव कुमार शर्मा की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मावे को जब्त कर डंपिंग यार्ड में नष्ट करवा दिया।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रविवार सुबह बदाली खेड़ा चौराहे से लांबिया टोल होते हुए होटल लैंडमार्क तक बसों की चेकिंग की गई। इस दौरान एक बस में चार गठ्ठरों में करीब 200 किलोग्राम संदिग्ध मावा मिला।
सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि बस चालक से पूछताछ करने पर उसने जानकारी दी कि मावा किसी व्यक्ति ने बस में रखवाया था और इसे निम्बाहेड़ा ले जाना था। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चालक के माध्यम से संबंधित फर्म से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी मावे पर दावा करने या उसे लेने कोई नहीं पहुंचा। ऐसे में नियमानुसार संदिग्ध मावे को जब्त कर डंपिंग यार्ड में नष्ट करवा दिया गया।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव, नीरज मीना और संजय वर्मा सहित महेश पंड्या एवं प्रेम दत्त शर्मा मौजूद रहे।
सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने आमजन से अपील की कि त्योहारों के दौरान मावा और अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता तथा विक्रेता की विश्वसनीयता का विशेष ध्यान रखें। जिले में कहीं भी मिलावट या संदिग्ध खाद्य सामग्री की जानकारी मिलने पर जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।