गरबा महोत्सव में रोज जुट रहे सैकड़ों लोग, गड्ढे के चारों ओर रिफ्लेक्टर तक नहीं लगाए
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा-स्मार्ट हलचल|शहर के महलों के चौक में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग की लापरवाही आमजन की सुरक्षा पर भारी पड़ सकती है। करीब पांच दिन पूर्व लीकेज ठीक करने के नाम पर खोदा गया गड्ढा अब तक खुला पड़ा है। हैरानी की बात यह है कि गड्ढे के चारों ओर न तो रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। ऐसे में यह खुला गड्ढा किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है।
महलों के चौक में इन दिनों नवरात्रि के अवसर पर गरबा महोत्सव आयोजित हो रहा है। इसमें प्रतिदिन रात को सैकड़ों लोग भाग लेने पहुंच रहे हैं। ऐसे में आयोजन स्थल के पास खुला पड़ा गड्ढा लोगों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। रात के समय भीड़भाड़ के बीच गड्ढा दिखाई नहीं देने से कोई भी व्यक्ति दुर्घटना का शिकार हो सकता है।
लीकेज ठीक करने के लिए गड्ढा खोदने के बाद उसे खुला छोड़ देना और उसके चारों ओर रिफ्लेक्टर या सुरक्षा संकेतक नहीं लगाना विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। इसके बावजूद पांच दिन बीत जाने पर भी समस्या का समाधान नहीं होना चिंता का विषय है।
बड़ा सवाल: हादसे के बाद जागेगा विभाग?
गरबा महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए विभाग को तत्काल गड्ढे को भरवाने अथवा मरम्मत कार्य पूरा होने तक बैरिकेडिंग और रिफ्लेक्टर लगाने चाहिए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग समय रहते कार्रवाई करता है या किसी हादसे के बाद ही जिम्मेदारों की नींद खुलती है।