रेल जन संवाद में यात्रियों ने बताईं समस्याएं स्वच्छता और सुविधाओं पर मांगा फीडबैक

डीआरएम गौरव अग्रवाल ने यात्रियों से किया सीधा संवाद

स्मार्ट हलचल|लखनऊ।पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल के रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान 6.0 के तहत गुरुवार को लखनऊ मंडल के सभी छोटे-बड़े स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से सीधे बातचीत कर स्टेशन परिसर की साफ- सफाई, ट्रेनों की स्वच्छता, खानपान, सुरक्षा और उपलब्ध यात्री सुविधाओं के संबंध में उनकी राय जानी। यात्रियों से मिले सुझावों के आधार पर रेल सेवाओं में सुधार की दिशा में पहल करने का भरोसा भी दिया गया।

लखनऊ जंक्शन पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने यात्रियों से संवाद कर उनकी यात्रा के अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने स्टेशन परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता की स्थिति, यात्री सुविधाओं तथा रेलवे कर्मचारियों के व्यवहार और सहयोग के बारे में फीडबैक प्राप्त किया। यात्रियों से यह भी पूछा गया कि रेलवे की किन पहलों और सुविधाओं से उनकी यात्रा अधिक सुगम हुई है तथा किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है।

डीआरएम ने यात्रियों द्वारा दिए गए सुझावों को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें यात्री सेवाओं और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के लिए अमल में लाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ‘रेल जन संवाद’ का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की अपेक्षाओं और समस्याओं को सीधे समझकर रेल सेवाओं को अधिक सुविधाजनक, स्वच्छ और बेहतर बनाना है।

इसी क्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू ने सीतापुर स्टेशन पर तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) भुवनेश सिंह ने बस्ती रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से संवाद किया। अधिकारियों ने यात्रियों की समस्याएं सुनीं और उनके अनुभवों व सुझावों को दर्ज किया। मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी मुख्यालय और मंडल के अधिकारियों तथा स्टेशन प्रभारियों ने यात्रियों से बातचीत कर स्वच्छता, खानपान, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं पर प्रतिक्रिया ली। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए अपनी अपेक्षाएं सामने रखीं। रेलवे प्रशासन का मानना है कि यात्रियों से सीधे संवाद के माध्यम से कमियों की पहचान कर सेवाओं को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। इस आशय की जानकारी जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु राव ने मीडिया को दी।