रैली, पोस्टर और नारों से जगाई अलख, घर-घर तक पहुंचा रहे ‘हर वोट जरूरी’ का संदेश
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।लोकतंत्र की मजबूती और मतदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ब्यावर जिले में जिला स्वीप (SVEEP) टीम की ओर से राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यार्थी विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से आमजन को मतदान का महत्व समझा रहे हैं और अधिकाधिक मतदान के लिए प्रेरित कर रहे हैं।विद्यालयों में रैली, पोस्टर निर्माण, चित्रकला, नारा लेखन, प्रश्नोत्तरी, भाषण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए मतदान का संदेश दिया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को बताया जा रहा है कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत महत्वपूर्ण है और मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना हर नागरिक का कर्तव्य है। विद्यार्थी स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवारजनों और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
विद्यार्थियों के जरिए घर-घर पहुंचेगा जागरूकता संदेश
अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान देथा के सान्निध्य में संचालित इस अभियान में विद्यार्थियों को जागरूकता की अहम कड़ी बनाया गया है। विद्यालयों में नवाचारपूर्ण गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों और मतदान के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
जिला स्वीप टीम की ओर से विद्यालयों को अधिकाधिक लोगों तक मतदान का संदेश पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से परिवार और समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए आमजन को प्रेरित करना है।