पंचायत चुनाव: चार पंचायत समितियों के 411 बूथों के लिए ईवीएम आवंटित

1084 बैलेट यूनिट और 543 कंट्रोल यूनिट का द्वितीय रेंडमाइजेशन संपन्न

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत तृतीय चरण के मतदान की तैयारियों को गति देते हुए मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना के निर्देशन में कलेक्ट्रेट सभागार में ईवीएम मशीनों का द्वितीय रेंडमाइजेशन संपन्न हुआ। इस दौरान जिले की चार पंचायत समितियों के 411 मतदान बूथों के लिए ईवीएम मशीनों का आवंटन किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने बताया कि जैतारण, जवाजा, नरबदखेड़ा एवं रास पंचायत समितियों में मतदान के लिए कुल 1084 बैलेट यूनिट तथा 543 कंट्रोल यूनिट आवंटित की गई हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार तैयारियां की जा रही हैं।
रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ब्रह्मलाल जाट, उपखंड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़ तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।