भीलवाड़ा में पंचायत चुनाव का दूसरा चरण शांतिपूर्ण संपन्न, 61.29 प्रतिशत मतदान

भीलवाड़ा, 28 अक्टूबर।स्मार्ट हलचल|पंचायत राज आम चुनाव-2026 के तहत भीलवाड़ा जिले में दूसरे चरण का मतदान बुधवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चली मतदान प्रक्रिया में कुल 3,36,861 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले में कुल 61.29 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने बताया कि दूसरे चरण में जिले के 17 जिला परिषद सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों, जिनमें 11 पूर्ण एवं 6 आंशिक क्षेत्र शामिल हैं, तथा 111 पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान कराया गया। इस दौरान आसींद, हुरड़ा, फूलियाकलां, रायपुर, सहाड़ा, शाहपुरा और शंभूगढ़ पंचायत समितियों में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
जिला कलेक्टर संधू ने बताया कि जिले में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही। निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। मतदान केंद्रों पर निर्धारित व्यवस्थाओं के बीच मतदान प्रक्रिया पूरी कराई गई।
शाम 6 बजे मतदान का निर्धारित समय पूरा होने तक जिले में कुल 3,36,861 मतदाता वोट डाल चुके थे। इसके साथ ही दूसरे चरण के मतदान में कुल मतदान प्रतिशत 61.29 रहा। पंचायत चुनाव के इस चरण में मतदाताओं ने जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।