मसूदा रोड पर प्रभु की बगिया के पास बेचने की फिराक में था आरोपी, स्कूटी भी जब्त
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला स्पेशल टीम और ब्यावर सिटी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 5.06 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्मैक बरामद कर उसकी स्कूटी भी जब्त की है।पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 27 अक्टूबर को जिला स्पेशल टीम को सूचना मिली कि सांसी बस्ती निवासी एक व्यक्ति मसूदा रोड स्थित प्रभु की बगिया के पास स्मैक बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर जिला स्पेशल टीम और ब्यावर सिटी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति की जांच की।
जांच के दौरान आरोपी की स्कूटी की डिक्की में रखी प्लास्टिक की जिपरनुमा थैली से 5.06 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ को नियमानुसार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बबलू पुत्र मोहनलाल (35), निवासी सांसी बस्ती, छावनी, ब्यावर के रूप में हुई है।
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी नरेंद्र पारीक के सुपरविजन में की गई। इसमें ब्यावर सिटी थानाधिकारी आशुतोष पांडे, जिला स्पेशल टीम प्रभारी राजदीपेंद्र सिंह सहित दोनों टीमों के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर स्मैक की खरीद-फरोख्त से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।