बोले – नालियों में निकासी नहीं होने से जमा गंदा पानी, दुर्गंध से व्यापार करना मुश्किल; दिवाली से पहले स्थायी समाधान की मांग,
पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|शहर के मुरली विलास रोड पर फैली गंदगी और नालियों से उठती दुर्गंध के विरोध में गुरुवार को व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों का आक्रोश फूट पड़ा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य मनोज पालीवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने मुंह पर मास्क लगाकर और पीपे बजाकर नगर निगम की कार्यशैली के खिलाफ अनूठा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान राहगीरों को मास्क वितरित कर क्षेत्र की बदहाल सफाई व्यवस्था पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया।
व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में नालियों की सफाई और पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से गंदा पानी लंबे समय तक जमा रहता है। इससे उठने वाली तेज दुर्गंध के कारण दुकानदारों के साथ स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। व्यापारियों के अनुसार, समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।
*नालियां बनीं, लेकिन निकासी का इंतजाम नहीं*
प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य मनोज पालीवाल ने कहा कि मुरली विलास रोड के व्यापारियों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। कुछ समय पहले प्रशासन ने अतिक्रमण हटाकर नालियों का निर्माण करवाया था, लेकिन निर्माण के दौरान पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई। इसका परिणाम यह है कि नालियों का गंदा पानी लंबे समय तक जमा रहता है और पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैलती है। ऐसे हालात में व्यापारियों के लिए दुकानों पर बैठना तक मुश्किल हो रहा है।
पालीवाल ने कहा कि गुरुवार को सांकेतिक विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन और नगर निगम तक व्यापारियों की पीड़ा पहुंचाने का प्रयास किया गया। राहगीरों को मास्क बांटकर सफाई व्यवस्था की हकीकत सामने रखी गई। उन्होंने नगर निगम से मांग की कि दिवाली से पहले नालियों की सफाई करवाकर पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए और समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि व्यापारियों और क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।