महिलाओं ने पति की लंबी आयु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना कर रखा व्रत
अरवड़@-स्मार्ट हलचल| कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में करवा चौथ का पर्व श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। भारतीय संस्कृति में करवा चौथ विवाहित महिलाओं की आस्था, प्रेम और दांपत्य जीवन के प्रति समर्पण का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए सूर्योदय से चंद्रोदय तक निर्जला व्रत रखा।
पर्व के तहत महिलाओं ने सोलह शृंगार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। शाम को करवा चौथ की कथा सुनकर परंपरानुसार पूजा की गई। चंद्रोदय के बाद महिलाओं ने चंद्रमा को अर्घ्य देकर अपने पति के हाथों से जल ग्रहण कर व्रत खोला। कई महिलाओं ने व्रत का उद्यापन भी किया तथा व्रतधारी महिलाओं को भोजन कराया। पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर उत्साह और धार्मिक आस्था का माहौल रहा।