भीलवाड़ा में नगर निगम का अलसुबह बड़ा एक्शन: शास्त्रीनगर-सिंधुनगर में 4 कॉम्प्लेक्स सीज, बैंक पर भी जड़ा ताला

महेंद्र नागौरी

आयुक्त कमल सिंह यादव के निर्देश पर अतिक्रमण शाखा की ताबड़तोड़ कार्रवाई, स्टाइल वर्ल्ड सहित चार व्यावसायिक इमारतों पर निगम का शिकंजा

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने शुक्रवार सुबह बड़ा एक्शन लेते हुए चार बड़े व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स सीज कर दिए। शास्त्रीनगर और सिंधुनगर में अलसुबह पहुंची निगम की अतिक्रमण शाखा की टीम ने एक के बाद एक कार्रवाई करते हुए कॉम्प्लेक्सों के मुख्य द्वार पर ताले जड़ दिए। सीज किए गए परिसरों में एक बैंक का संचालन भी हो रहा था।
नगर निगम आयुक्त कमल सिंह यादव के निर्देश पर हुई इस अचानक कार्रवाई से व्यावसायिक क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। निगम की टीम ने सिंधुनगर में स्टाइल वर्ल्ड नाम से संचालित कॉम्प्लेक्स को सीज किया। इसके बाद टीम शास्त्रीनगर पहुंची, जहां चौथे बड़े कॉम्प्लेक्स पर भी कार्रवाई करते हुए उसे सीज कर दिया।
बैंक संचालन के बावजूद कार्रवाई
कार्रवाई की खास बात यह रही कि सीज किए गए कॉम्प्लेक्सों में से एक में बैंक भी संचालित हो रहा था। निगम की टीम ने नियमों के उल्लंघन के मामले में बैंक संचालित परिसर को भी सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान परिसरों के मुख्य द्वारों पर ताले लगाकर नोटिस चस्पा किए गए।
अलसुबह पहुंची टीम, कारोबारियों में मचा हड़कंप
बिना पूर्व हलचल के सुबह-सुबह पहुंची निगम की टीम ने चार परिसरों को सीज कर स्पष्ट संदेश दिया कि अवैध निर्माण और अतिक्रमण के मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी। निगम की इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य व्यावसायिक इलाकों में भी हलचल तेज हो गई है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार अवैध निर्माण और नियम विरुद्ध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।