किशोरियों को सिखाए आत्मरक्षा के गुर, गुड टच-बैड टच के साथ साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी

भीलवाड़ा, 31 अक्टूबर

स्मार्ट हलचल|किशोरियों को सुरक्षित वातावरण, व्यक्तिगत सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से स्पर्श कैम्पेन के तहत राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में टीनएजर्स जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इसमें स्पर्श कैम्पेन की भीलवाड़ा जिला कॉर्डिनेटर वालंटियर सारिका चतुर्वेदी ने छात्राओं को अच्छे और बुरे स्पर्श के साथ-साथ ऑनलाइन दुनिया में होने वाले खतरों के प्रति जागरूक किया।
सत्र के दौरान फ्लैक्स प्रिंट के माध्यम से छात्राओं को गुड टच-बैड टच और अच्छे-बुरे वर्चुअल स्पर्श के बारे में विस्तार से समझाया गया। चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने, अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करने और ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्कता बरतने की सीख दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार या ऑनलाइन उत्पीड़न की स्थिति में चुप रहने के बजाय परिजनों और संबंधित हेल्पलाइन की मदद लेनी चाहिए।
उन्होंने छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए www.cybercrime.gov.in की जानकारी दी। साथ ही व्हाट्सएप में टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू रखने, ऑटो मल्टीमीडिया डाउनलोड बंद करने तथा अनजान एपीके फाइल, लिंक, कार्ड या अन्य संदिग्ध फाइल डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी।
सत्र में फेक एआई वीडियो कॉल, वॉयस क्लोनिंग कॉल, डिजिटल अरेस्ट और साइबर बुलिंग जैसे तेजी से सामने आ रहे साइबर अपराधों के तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय भी बताए गए। छात्राओं को समझाया गया कि जागरूकता और सतर्कता ही ऑनलाइन ठगी एवं साइबर अपराधों से बचाव का प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम का संचालन संध्या रानी ने किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य सुनीता जीनगर एवं उप प्रधानाचार्य ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में किशोरियों को व्यक्तिगत सुरक्षा और साइबर अपराधों की जानकारी देना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पर्श अभियान की सराहना करते हुए वालंटियर सारिका चतुर्वेदी के प्रयासों की प्रशंसा की। साथ ही स्पर्श के संस्थापक एवं राजस्थान सरकार में प्रमुख शासन सचिव नवीन जैन के प्रति आभार व्यक्त किया।