‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ रैली में एडवोकेट अजय शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेसजन, राहुल गांधी ने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का उठाया मुद्दा
अनिल कुमार खींची
ब्यावर । स्मार्ट हलचल।नई दिल्ली में रविवार को आयोजित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली में ब्यावर कांग्रेस की व्यापक भागीदारी देखने को मिली। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा के नेतृत्व में ब्यावर से सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे और महारैली में शामिल होकर लोकतंत्र, संविधान एवं निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की रक्षा का संकल्प व्यक्त किया।
ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता वृतंजय आर्य ने बताया कि महारैली में खनन प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष आशीषपाल पदावत, जवाजा ब्लॉक अध्यक्ष धरमसिंह भाटी, अल्पसंख्यक विभाग जिलाध्यक्ष अज़मत काठात, पार्षद विक्रांत यादव, नगर अध्यक्ष भरत बाघमार, सेवादल जिलाध्यक्ष विक्रम सोनी, ओबीसी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष कैलाश गहलोत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। दिल्ली में आवागमन संबंधी परिस्थितियों के चलते कार्यकर्ता निजी वाहनों, बसों और रेलगाड़ियों से अलग-अलग समूहों में पहुंचे।
महारैली को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की आवाज किसी एक राजनीतिक दल या नेता की नहीं, बल्कि देश की जनता की आवाज है। उन्होंने कहा कि देश का संविधान सर्वोपरि है और कोई भी सरकार, सत्ता या ताकत संविधान से बड़ी नहीं हो सकती। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी तीखी राजनीतिक टिप्पणी की।
प्रवक्ता आर्य ने बताया कि महारैली में ब्यावर कांग्रेस की भागीदारी के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक एकजुटता का परिचय दिया। दिल्ली पहुंचे कांग्रेसजनों ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करने का संकल्प जताया।