केक, मिठाई, तेल, घी और मसालों के नमूने लिए, जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
भीलवाड़ा, 1 नवंबर। स्मार्ट हलचल|दीपावली के त्योहार पर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत रविवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हरनी गांव स्थित राजश्री गृह उद्योग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 2520 किलोग्राम केरी का अचार सीज कर दिया। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान राजश्री गृह उद्योग से केरी के अचार का नमूना लिया गया तथा प्रतिष्ठान संचालक को आवश्यक सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया। इसी तरह जोधड़ास चौराहा स्थित कैक एंड फैक्ट्री से चॉकलेट ट्रफल केक का नमूना लेकर संबंधित प्रतिष्ठान को भी सुधार नोटिस दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शनिवार को भी शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर सघन जांच अभियान चलाया। इसके तहत चित्तौड़ रोड स्थित श्री सांवरिया तेल घानी से सरसों के तेल, मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर के नमूने लिए गए। वार्ड नंबर 9 स्थित बांकियारानी मिष्ठान भंडार से रसगुल्ले, वार्ड नंबर 18 स्थित लक्ष्मी किराना स्टोर से घी तथा बापू बाजार स्थित महालक्ष्मी मिष्ठान भंडार से मलाई बर्फी का नमूना लिया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों पर साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना को लेकर भी विशेष ध्यान दिया गया। विभागीय अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री के सुरक्षित रखरखाव, स्वच्छता तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य पदार्थों की बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जहां आवश्यक व्यवस्थाओं में कमी पाई गई, वहां सुधार नोटिस जारी किए गए।
डॉ. शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान लिए गए सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजा गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दीपावली तक जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं नमूने लेने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज कुमार मीणा, कुलदीप चौधरी एवं संजय वर्मा मौजूद रहे। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि कहीं भी खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा संदिग्ध खाद्य सामग्री की जानकारी मिलने पर जिला स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।