जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सवाई माधोपुर, 3 नवम्बर। स्मार्ट हलचल|पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत सवाई माधोपुर जिले की पंचायत समिति बामनवास, बौंली, मलारना डूंगर एवं खण्डार क्षेत्र में तृतीय चरण का मतदान मंगलवार को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में हुआ। मतदान के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिससे मतदाताओं ने निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम एवं पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से कराने के उद्देश्य से भाड़ौती एवं मलारना डूंगर स्थित राजकीय विद्यालयों में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान कार्मिकों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा मतदान शुरू होने से पूर्व ईवीएम पर कराए गए मॉक पोल के रिकॉर्ड का अवलोकन किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मलारना डूंगर के विद्यालय परिसर में संचालित 12 मतदान बूथों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और यहां सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में पुलिस अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने गुरुवार को होने वाले पंच एवं सरपंच पद के मतदान दिवस के दिन आवश्यक बैरिकेडिंग एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बामनवास पंचायत समिति क्षेत्र में भी कई मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला परिषद वार्ड संख्या 5 एवं पंचायत समिति वार्ड संख्या 12 के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बरनाला में मतदान केन्द्रों दौरा किया। इन अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर उपस्थित मतदाताओं से संवाद कर सुचारू मतदान प्रक्रिया तथा मतदान कार्मिकों से अब तक हुए मतदान की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्मिकों को मतदाताओं के लिए सुगम मतदान व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
आदर्श मतदान केंद्र पर दिखी विशेष व्यवस्थाएं :- जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिछौछ में संचालित आदर्श मतदान केंद्र में भी चुनाव प्रक्रिया और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस परिसर में मतदान के लिए आवश्यक संकेतक एवं दिशा-निर्देश प्रदर्शित किए गए हैं। साथ ही, निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं से बातचीत कर मतदान प्रक्रिया के सुव्यवस्थित संचालन एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों पर तैनात कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पीठासीन अधिकारी को पॉलिंग बूथ में मतदाता को मतदान की प्रक्रिया समझाने के लिए डमी ईवीएम का उपयोग करने का सुझाव दिया।
फोटो कैप्शन:-2 मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम एवं पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी।