गंभीरी नदी तट पर चुनरी मनोरथ, 56 भोग और अन्नकूट महोत्सव की तैयारियां पूरी

4 नवंबर को होगा आयोजन; 30 मिनट की भव्य आतिशबाजी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण

चित्तौड़गढ़, 3 नवंबर। स्मार्ट हलचल|मेवाड़ महोत्सव समिति के तत्वावधान में बुधवार, 4 नवंबर को गंभीरी नदी के पावन तट पर आयोजित होने वाले चुनरी मनोरथ, 56 भोग एवं अन्नकूट महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन स्थल पर नदी तट की सफाई, सजावट, टेंट और लाइटिंग सहित श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।समिति के उपाध्यक्ष गोपाल भूतड़ा और अनुराग द्विवेदी ने बताया कि समिति अध्यक्ष अनंत समदानी, सचिव लीला आगाल, संरक्षक आशा पोखरना, भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी, पार्षद भोलाराम प्रजापत, पार्षद शैलेंद्र झवर और अभिषेक श्रीमाल के सानिध्य में तैयारियां की गई हैं।

आयोजन में भगवान श्रीनाथजी को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। सूरत से मंगवाई गई चुनरी से 10 से 15 नावों के माध्यम से चुनरी मनोरथ होगा। श्रद्धालुओं को नुगती-पकौड़ी का अन्नकूट प्रसाद वितरित किया जाएगा। कोटा से आने वाले पंडितों के मंत्रोच्चार के साथ महाआरती होगी और चित्तौड़गढ़ के प्रमुख संतों का सम्मान किया जाएगा।

समिति के अनुसार, इस बार गंभीरी नदी तट पर पहली बार भव्य आतिशबाजी होगी। लगभग 30 मिनट के इस दृश्यात्मक आयोजन में नदी के ऊपर आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी और पानी में उसका प्रतिबिंब आकर्षण का केंद्र रहेगा।

समिति की जया तोषनीवाल, राधा काबरा और रीना जागेटिया ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ बैंड की प्रस्तुतियों के साथ होगा। भारत माता सेवा समिति और आरंभ शक्ति समूह की बालिकाएं हाथों में भगवा ध्वज लेकर तलवारों से शौर्य प्रदर्शन करेंगी। बालिकाओं का अभ्यास निंबाहेड़ा स्थित हनुमान मंदिर में होता है। उनके प्रशिक्षक अमन सेन और मनोहर माली भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

चुनरी मनोरथ के बाद चित्तौड़गढ़ की गंगा गंभीरी माता की आरती पर आधारित महाआरती होगी। यह आरती चित्तौड़गढ़ के इंजीनियर कान्हा तोषनीवाल की स्वरचित है।

समिति अध्यक्ष अनंत समदानी, सचिव लीला आगाल, संरक्षक आशा पोखरना तथा उपाध्यक्ष गोपाल भूतड़ा और अनुराग द्विवेदी ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

आयोजन की व्यवस्थाओं में समिति पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं सहित महिला कार्यकर्ताओं की टीम जुटी हुई है।