सवाई माधोपुर। स्मार्ट हलचल|दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को “शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत शहर के बड़े प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। टीम ने जनता जोधपुर स्वीट्स होम के गोदाम से गुलाब जामुन, काजू कतली व कलाकंद, विनायक वाला सिटी मॉल से काजू कतली व बर्फी, पारस कचौरी नमकीन एंड स्वीट्स से मावा बर्फी तथा सुरुचि ड्राईफ्रूट्स से अखरोट व पिस्ता के नमूने लिए।
सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। अमानक या असुरक्षित पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए तथा सुधार नोटिस भी जारी किए। साथ ही मिठाइयों पर इस्तेमाल होने वाले चांदी के वर्क में एल्युमिनियम की मिलावट की आशंका को देखते हुए हलवाइयों को इसके उपयोग को लेकर सतर्क किया।
यह कार्रवाई वेद प्रकाश पूर्विया, नितेश गौतम, चंचल मीणा, ज्योति अग्रवाल, वीरेंद्र सिंह राजपूत एवं राजेंद्र प्रसाद मीणा की टीम ने की।