बिजोलिया से मांझी साहब का खेड़ा, गोपालपुरा व इंद्रपुरा जाने वाली सड़क बदहाल: जगह-जगह गहरे गड्ढे, हादसों के साए में सफर करने को मजबूर ग्रामीण

मुख्य संपर्क मार्ग से डामर गायब, बाहर निकली नुकीली गिट्टियां; किसानों व राहगीरों की बढ़ी दुश्वारियां, ग्रामीणों ने प्रशासन से की अविलंब मरम्मत की मांग

होड़ा/बिजोलिया (स्मार्ट हलचल/नरेश नाथ)

होड़ा/बिजोलिया (स्मार्ट हलचल/बिजोलिया से मांझी साहब का खेड़ा, गोपालपुरा और इंद्रपुरा को जोड़ने वाले मुख्य संपर्क मार्ग की हालत पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और उखड़े पड़े डामर के कारण राहगीरों एवं वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि सड़क पर पैदल चलना भी दूभर हो चुका है।

किसानों व ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें, दुर्घटना की आशंका

इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीणों, किसानों, दूध विक्रेताओं और स्कूली विद्यार्थियों का आवागमन होता है। सड़क की जर्जर स्थिति के चलते वाहनों के कलपुर्जे खराब हो रहे हैं, वहीं दोपहिया वाहन चालक संतुलन बिगड़ने से आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं। रात के समय रोशनी के अभाव में यह गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं।

प्रशासन की चुप्पी पर सवाल, शीघ्र डामरीकरण की मांग

सड़क की बदहाली के बावजूद जिम्मेदार लोक निर्माण विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा अब तक कोई सुध नहीं ली गई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी के बाद ही हरकत में आएगा? क्षेत्रवासियों ने उपखंड प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभाग को निर्देशित कर सड़क का शीघ्र निरीक्षण करवाया जाए और मरम्मत कार्य शुरू कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की जाए।