ईवीएम-वीवीपैट की बारीकियों से लेकर ऑनलाइन वोटर रजिस्ट्रेशन तक दी जानकारी, पोस्टर और संवाद से जगाई मतदान के प्रति अलख
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।लोकतंत्र की मजबूती केवल मतदान तक सीमित नहीं, बल्कि निर्वाचन प्रक्रिया की समझ और जागरूकता से भी जुड़ी है। इसी सोच के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना के निर्देशन में जिला स्वीप टीम की ओर से जिले की आंगनबाड़ियों में विशेष मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। ‘लोकतंत्र की पहचान, तकनीक का ज्ञान’ थीम पर आयोजित गतिविधियों के माध्यम से आमजन और युवा मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली तकनीक से रूबरू कराया गया।
अभियान के दौरान प्रतिभागियों को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली, मतदान की प्रक्रिया, मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण की जानकारी दी गई। पोस्टर, स्लोगन, प्रश्नोत्तरी और चार्ट प्रदर्शन के जरिए मतदान के महत्व को रोचक तरीके से समझाया गया। संवाद के माध्यम से निर्वाचन आयोग की डिजिटल सुविधाओं के प्रति भी जागरूक किया गया।
डिजिटल जानकारी से बढ़ेगी मतदान में भागीदारी
कार्यक्रम में बताया गया कि तकनीक ने निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के प्रति सजग रहने के साथ निर्वाचन संबंधी ऑनलाइन सुविधाओं का उपयोग करना चाहिए। युवाओं से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
जिला स्वीप टीम की ओर से लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। विभिन्न विभागों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और आंगनबाड़ियों के सहयोग से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य तकनीकी रूप से जागरूक मतदाता तैयार कर लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करना है।