खजूरी से बाहर निकलते ही किशनगढ़ गांव के नाम से संचालित शराब की दुकान बनी चर्चा का विषय, दुकान के पीछे चादर लगाकर बैठने की व्यवस्था और खिड़की से शराब बिक्री के आरोप
जहाजपुर अलकेश पारीक
जहाजपुर-स्मार्ट हलचल|काछोला मुख्य सड़क पर खजूरी से बाहर निकलते ही बंदोला गांव के नाम से संचालित शराब की दुकान अब आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। दुकान मुख्य सड़क से महज 7 से 10 मीटर की दूरी पर स्थित बताई जा रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर आबकारी विभाग ने किन नियमों और मापदंडों के आधार पर इस दुकान को संचालन की अनुमति दी है?हैरानी की बात यह है कि शराब की दुकान किसी पक्के भवन में नहीं, बल्कि लोहे के कंटेनर में संचालित हो रही है। दुकान में खिड़कियां भी बनाई गई हैं। वहीं, दुकान के पीछे चादर लगाकर बैठने की व्यवस्था किए जाने की बात सामने आई है। स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप हैं कि सेल्समैन दुकान के अंदर बैठकर खिड़की के माध्यम से शराब की बिक्री करता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या शराब की दुकान के संचालन के लिए निर्धारित दूरी, स्थान, भवन और अन्य आबकारी नियमों की जांच की गई है? यदि दुकान नियमों के विपरीत संचालित हो रही है तो अब तक जिम्मेदार अधिकारियों ने निरीक्षण और कार्रवाई क्यों नहीं की?
आबकारी विभाग की भूमिका पर सवाल
स्थानीय लोगों के बीच इस दुकान को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। आखिर दुकान की वास्तविक स्वीकृत लोकेशन क्या है? क्या लोहे के कंटेनर में इस तरह दुकान संचालित करने की अनुमति है? क्या दुकान के पीछे बैठने की व्यवस्था स्वीकृत है? और क्या निर्धारित शर्तों के अनुसार शराब की बिक्री की जा रही है?
अब आबकारी विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग है कि दुकान का मौके पर निरीक्षण कर स्वीकृत लोकेशन, सड़क से वास्तविक दूरी, लाइसेंस की शर्तों और बिक्री व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि अनियमितताएं मिलती हैं तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
सवाल सिर्फ एक शराब की दुकान का नहीं, बल्कि आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था का भी है। आखिर नियम आम जनता के लिए ही हैं या शराब ठेकों पर भी लागू होते हैं?