भाई के घर में चोरी का प्रयास विफल होने पर रामगोपाल के मकान को बनाया निशाना, लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में दहशत
खखरेरू/स्मार्ट हलचल।फतेहपुर थाना क्षेत्र के बिछियावां गांव में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। बीती रात अज्ञात बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात, घरेलू बर्तन और 20 हजार रुपये की नकदी पार कर दी। सुबह चोरी की जानकारी होने पर पीड़ित परिवार के होश उड़ गए। गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बिछियावां निवासी रामगोपाल पुत्र राजाराम परिवार के साथ गुजरात के सूरत में रहकर मजदूरी करता है। करीब एक महीने पहले वह धान की फसल की कटाई के लिए गांव आया था। पीड़ित के मुताबिक, घटना की रात वह घर के बाहर बने बरामदे में सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात बदमाश मकान के पीछे से चढ़कर जीने के रास्ते घर के अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने अलमारी में रखे सोने के झुमके, सोने की बेसर, करीब 300 ग्राम चांदी की पायल, बक्से में रखे घरेलू बर्तन और 20 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। वारदात के बाद बदमाश साड़ियों को आपस में बांधकर बनाई गई रस्सी के सहारे मकान के पीछे से उतरकर फरार हो गए।
पीड़ित रामगोपाल ने बताया कि धान की कटाई और खेतों की जुताई के लिए उसके बेटे ने रुपये भेजे थे। बदमाशों ने पूरी रकम भी पार कर दी। सुबह करीब पांच बजे जब वह घर के अंदर पहुंचा तो अलमारी खुली मिली और बक्सों में रखे कपड़े अस्त-व्यस्त पड़े थे। जांच करने पर जेवरात और नकदी गायब मिली।
ग्रामीणों के मुताबिक, रामगोपाल के घर में चोरी से पहले बदमाशों ने उसके भाई के मकान में भी घुसने का प्रयास किया था, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर रामगोपाल के घर को निशाना बना लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को समूह बनाकर रात में पहरा देने की सलाह दी।
गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि बदमाश बेखौफ होकर घरों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में पुलिस की रात्रि गश्त और चोरियों पर अंकुश लगाने की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
इस संबंध में थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि चोरी का प्रयास हुआ है चोरी कि घटना से इनकार किया।