नियमों की नसीहत आमजन को, कलेक्ट्रेट में खड़ी कार पर लिखा है ‘बिगोद पालिका चेयरमैन’, उठे सवाल

नियम आमजन के लिए ही या जनप्रतिनिधियों के लिए भी? कलेक्ट्रेट परिसर में बिना नंबर प्लेट खड़ी कार बनी चर्चा का विषय

(पंकज पोरवाल)

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|किसी भी वाहन के लिए नंबर प्लेट अनिवार्य है और नियमों का उल्लंघन करने पर आम वाहन चालकों को चालान भुगतना पड़ता है, लेकिन भीलवाड़ा जिला कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ी एक कार यातायात नियमों की पालना को लेकर सवाल खड़े कर रही है। कार पर आगे नंबर प्लेट नजर नहीं आ रही है, जबकि बड़े अक्षरों में ‘बिगोद पालिका चेयरमैन’ लिखा हुआ है। सरकारी परिसर में खड़े इस वाहन ने लोगों का ध्यान खींचा है और इसे लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। एक ओर यातायात पुलिस और परिवहन विभाग आम वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना के लिए जागरूक करते हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर चालान काटने से लेकर अन्य कार्रवाई भी की जाती है। वहीं दूसरी ओर जनप्रतिनिधि से जुड़े वाहन पर ही नंबर प्लेट नहीं होना व्यवस्था की समानता पर सवाल खड़े कर रहा है। कलेक्ट्रेट शहर का प्रमुख प्रशासनिक केंद्र है, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बैठते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में बिना नंबर प्लेट का वाहन खड़ा होना भी चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों के बीच सवाल उठ रहा है कि जब आम नागरिकों के लिए यातायात नियमों का पालन अनिवार्य है तो जनप्रतिनिधियों से जुड़े वाहनों पर भी वही नियम लागू होने चाहिए। अब देखना यह है कि यातायात पुलिस और परिवहन विभाग इस मामले को संज्ञान में लेकर वाहन की पहचान और दस्तावेजों की जांच करते हैं या नहीं। संबंधित विभाग से नियमानुसार कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।