मेजा नहर में पानी छोड़ते ही ढही सुरक्षा दीवारें,हादसे के इंतजार में सिंचाई विभाग!

एक बहाव भी नहीं झेल पाई नई सुरक्षा दीवार, मेजा नहर बनी हादसों का खतरा

मजबूत दीवार और बैरिकेडिंग की मांग।

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा के मेजा बांध से रबी की फसलों में सिंचाई के लिए नहरों में छोड़ा गया पानी शहरवासियों के लिए समस्या बन गया है। जगह-जगह से नहर क्षतिग्रस्त होने के कारण पानी सड़कों पर आ रहा है तो कईं जगहों पर नहर मरम्मत के नाम पर बनाई सुरक्षा दिवारें भी पानी की वजह से फिर टूट गई है। जिसके कारण क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।मेजा बांध से रबी की फसलों की सिंचाई के लिए गुरुवार को नहर में पानी छोड़ा था। पानी छोड़े जाने से किसानों को सिंचाई की उम्मीद जगी है लेकिन दूसरी ओर नहर की बदहाल स्थिति ने किसानों और आसपास की कॉलोनियों के निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। शहर के बापू नगर क्षेत्र में मेजा नहर की नई बनाई सुरक्षा दिवारें एक बहाव भी सहन नहीं कर पाई और ढ़ह गई। इसके साथ ही राधे नगर से श्री विहार कॉलोनी तक नहर जगह-जगह गंदगी और कचरे से अटी पड़ी है। कई स्थानों पर नहर के किनारे और दीवारें जर्जर हालत में हैं। ऐसे में नहर में पानी छोड़ने के बाद भी इसके सुचारू प्रवाह और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वार्ड पार्षदपति गौरव टांक ने कहा कि नहर निर्माण कार्य के दौरान ही मैंने संबंधित अधिकारियों को सूचित किया था कि जब तक नहर की सुरक्षा दीवारें और अन्य आवश्यक निर्माण कार्य पूरी तरह से नहीं हो जाते, तब तक नहर में पानी नहीं छोड़ा जाए। इससे आमजन की जान-माल की सुरक्षा के साथ अंतिम छोर तक किसानों को पानी पहुंचाना भी सुनिश्चित हो सकता था। इसके बावजूद अधिकारियों ने जल्दबाजी में नहर चालू कर दी और अभी स्थिति यह है कि हाल ही में बनाई गई दीवार भी ढह गई है। यह सिंचाई विभाग की गंभीर लापरवाही और अव्यवस्था को दर्शाता है। यह नहर आवरी माता मंदिर से लेकर मोखमपुरा के आगे तक आवासीय बस्तियों के बीच से गुजर रही है। यहां पास में आवासीय कॉलोनी और पार्क है जहां प्रतिदिन शाम को करीब 50 बच्चे खेलने आते हैं। सुरक्षा दीवारें नहीं होने से बच्चों के नहर में फिसलकर गिरने का खतरा बना हुआ है। पूर्व में भी नहर में पानी आने के दौरान हादसे हो चुके हैं, लेकिन अधिकारियों ने उनसे कोई सबक नहीं लिया। हमारी मांग है कि नहर के दोनों ओर तत्काल सुरक्षा दीवारें बनाई जाएं और तब तक अस्थायी रूप से बैरिकेडिंग की जाए। भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सिंचाई विभाग के अधिकारियों की होगी।
क्षेत्रवासी भगवती लाल नौलखा और मेघाराम सैनी ने कहा कि नहर की पूरी मरम्मत और सुरक्षा दीवारों का निर्माण किए बिना ही अधिकारियों ने पानी चालू कर दिया। पिछले 10 दिनों से दीवार निर्माण का काम चल रहा था लेकिन पानी आते ही रात में यह दीवार ढह गई। निर्माण में न तो पर्याप्त गहराई तक नींव खोदी गई और न ही पुरानी नींव हटाई गई। पुरानी नींव के ऊपर कमजोर सामग्री से दीवार बना दी गई और उसकी उचित तराई भी नहीं की गई। यही वजह है कि पानी का दबाव आते ही दीवार गिर गई। यह आम रास्ता है जहां से दिनभर बड़ी संख्या में लोग और वाहन गुजरते हैं। ऐसे में किसी वाहन या व्यक्ति के नहर में गिरने से जनहानि हो सकती है। बच्चों के लिए भी खतरा बना हुआ है। इसके अलावा यहां लगी स्ट्रीट लाइट भी बंद पड़ी है। अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बावजूद कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। हमारी मांग है कि तत्काल मजबूत सुरक्षा दीवार बनाई जाए और अस्थायी बैरिकेडिंग व रोशनी की व्यवस्था की जाए।