सोनी वाटिका में दीपावली स्नेह मिलन समारोह, मिठास के साथ मजबूत हुए आपसी रिश्ते; समाजहित के कार्यों को नई गति देने पर जोर
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।विजय नगर रोड स्थित सोनी वाटिका में हिंदू हेल्पलाइन की ओर से दीपावली स्नेह मिलन समारोह उत्साह, उल्लास एवं आत्मीयता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रांत अध्यक्ष मुकेश सोनी एवं नगर संरक्षक उम्मेद शर्मा ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।समारोह में नगर कार्यकारिणी की ओर से संगठन के पदाधिकारियों का दुपट्टा एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन में आपसी सद्भाव, भाईचारे और संगठनात्मक एकजुटता का माहौल नजर आया।
प्रांत अध्यक्ष मुकेश सोनी ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह पर्व सेवा, संस्कार और सकारात्मकता को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय और सेवा भावना के साथ समाज एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। संगठन का उद्देश्य समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना होना चाहिए।
इस दौरान पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आगामी दिनों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और समाजसेवा के कार्यों में मिलकर योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन नगर महामंत्री मनीष व्यास ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अध्यक्ष सत्यनारायण बालोदिया, कार्यवाहक नगर अध्यक्ष एडवोकेट सुनील दुबे, कोषाध्यक्ष महेंद्र सोनी, सोशल मीडिया प्रभारी विशाल माथुर, राजू गुर्जर, अनिल जांगिड़, अनिल त्रिपाठी, बोनी बमबानी, संजय भार्गव, हेमंत कोठारी, मुन्नालाल एवं तपेंद्र व्यास सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।