बरखा इंडिया कंपनी ने अचानक काम से निकाले 50 मजदूर, रोजी-रोटी पर आया संकट

जिला कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार, श्रम कानूनों की अनदेखी और पीएफ का हिसाब नहीं देने का लगाया आरोप

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल।रीको रोड स्थित बरखा इंडिया कंपनी में कार्यरत करीब 50 श्रमिकों को अचानक काम से बंद किए जाने का मामला सामने आया है। कंपनी प्रबंधन के इस फैसले से श्रमिकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित श्रमिकों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।

श्रमिकों की ओर से 13 नवंबर को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि वे लंबे समय से बरखा इंडिया कंपनी में काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। इसी बीच 12 नवंबर 2026 को कंपनी प्रबंधन ने बिना कोई स्पष्ट कारण बताए करीब 50 श्रमिकों को काम पर आने से रोक दिया। श्रमिकों का आरोप है कि उन्हें अचानक काम से बाहर कर दिया गया, जबकि न तो उनके साथ कोई पूर्व सूचना साझा की गई और न ही उनके बकाया भुगतान एवं पीएफ संबंधी हिसाब का निस्तारण किया गया।

श्रमिकों ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन ने श्रम नीतियों और निर्धारित नियमों की अनदेखी करते हुए मनमाने तरीके से उनका रोजगार समाप्त कर दिया। अचानक काम बंद होने से श्रमिकों के परिवारों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। उनका कहना है कि रोजाना की मजदूरी से ही घर का खर्च, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी जरूरतें पूरी होती थीं। ऐसे में बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के रोजगार छिन जाने से उनके सामने परिवार का पेट पालने तक का संकट खड़ा हो गया है।

ज्ञापन में जिला कलेक्टर से मांग की गई कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कंपनी के खिलाफ तत्काल जांच कराई जाए। श्रमिकों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन द्वारा श्रम नियमों का पालन नहीं किया गया है, इसलिए कंपनी के रिकॉर्ड की जांच एवं आवश्यकतानुसार उन्हें सुरक्षित रखकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही श्रमिकों के पीएफ, बकाया मजदूरी और अन्य देय भुगतान का हिसाब करवाकर उन्हें उनका अधिकार दिलाया जाए।

श्रमिकों ने यह भी मांग की कि जब तक उन्हें दोबारा रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जाता अथवा रोजगार का कोई स्थायी विकल्प नहीं मिलता, तब तक उनके परिवारों के भरण-पोषण के लिए अंतरिम व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पीड़ित श्रमिकों ने जिला प्रशासन से उनकी पीड़ा सुनने, मामले में निष्पक्ष जांच कराने और न्याय दिलाने की अपील की है।