19 साल की सेवा ने खींची सरहदें पार, जामनगर की बेटी का ब्यावर में हुआ कन्यादान

श्रीमद् भागवत प्रभात फेरी परिवार का 124वां कन्यादान आयोजन संपन्न, 158वीं कन्या का भरा मायरा; गृहस्थी का सामान और सोने-चांदी के आभूषण किए भेंट

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल।सेवा का संकल्प जब निरंतर समर्पण के साथ आगे बढ़ता है तो उसकी पहचान दूर-दूर तक बन जाती है। ब्यावर के श्रीमद् भागवत प्रभात फेरी परिवार ने 19 वर्षों से कन्यादान सेवा की अलख जगाकर समाज में सेवा और संवेदना की अनूठी मिसाल कायम की है। परिवार की ओर से आयोजित 124वें कन्यादान कार्यक्रम में गुजरात के जामनगर से आई कन्या का मायरा भरकर 158वीं कन्या को नए जीवन की शुरुआत के लिए सहयोग प्रदान किया गया।

19 वर्ष पूर्व सेवा का जो पौधा लगाया गया था, वह आज वटवृक्ष का रूप ले चुका है। राजस्थान के विभिन्न शहरों और क्षेत्रों तक पहुंची इस सेवा की खुशबू अब प्रदेश की सीमाओं को पार कर गुजरात तक पहुंच गई है। जामनगर की कन्या का ब्यावर में कन्यादान होना परिवार की सेवा यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक नरेंद्र सिंह, अरुण लखन, ब्यावर जिला व्यापार संघ के उपाध्यक्ष नवल सुमानी, महासचिव विजय लोंगानी, सह कोषाध्यक्ष शैलेंद्र कुमावत, सह सचिव किशोर साहू, दिनेश सावलानी एवं नेमचंद सेन सहित अनेक गणमान्य नागरिक और व्यापारी उपस्थित रहे। परिवार के भजन गायकों ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर आयोजन को भक्तिमय बना दिया।

कन्या को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए डबल बेड, अलमारी, कुर्सी-टेबल, मिक्सी, प्रेस, पंखा, ग्यारह बेस, सोने-चांदी के आभूषण सहित रसोई और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री भेंट की गई। अतिथियों ने परिवार की इस निरंतर सेवा की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकजुटता और परोपकार की प्रेरणादायी मिसाल बताया।

परिवार के संयोजक संजय घीया ने कहा कि पिछले 19 वर्षों से कन्यादान सेवा के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना परिवार के लिए गौरव का विषय है। राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों के बाद अब गुजरात के जामनगर तक इस सेवा का पहुंचना सभी सदस्यों और सहयोगकर्ताओं के सामूहिक समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग और विश्वास से ही यह सेवा अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है।

अंत में संजय घीया ने आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, व्यापारियों, सहयोगकर्ताओं और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।