25 हजार रुपये का था इनाम, नाम-पता बदलकर एनजीओ में रह रही थी बालिका
बाल दिवस पर अजमेर पुलिस ने परिवार के चेहरों पर लौटाई खोई मुस्कान
जयपुर, 15 नवम्बर।स्मार्ट हलचल|महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान पुलिस की ओर से गुमशुदा एवं लापता नाबालिग बच्चों की तलाश और पुनर्स्थापना के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन खुशी-11 के तहत अजमेर जिला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना गांधीनगर, किशनगढ़ की टीम ने नौ माह से लापता बालिका को नई दिल्ली से दस्तयाब कर उसके परिजनों से मिलवाया। बालिका की तलाश एवं दस्तयाबी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। विशेष बात यह रही कि बालिका ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर नाम-पता बदल लिया था और नई दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित किलकारी रेनबो होम फॉर गर्ल्स फाउंडेशन में रह रही थी।
300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, 2286 मोबाइल नंबरों की सीडीआर का किया विश्लेषण
अजमेर पुलिस अधीक्षक श्री हर्षवर्धन अग्रवाला ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 19 फरवरी 2026 को बालिका के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद उसकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (सिविल राइट्स एवं एएचटीयू) के निर्देशन में संचालित ऑपरेशन खुशी-11 के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. लालचन्द कायल के निर्देशन एवं पुलिस उप अधीक्षक किशनगढ़ शहर श्री धर्मराज चौधरी के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी श्री अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार प्रयास किए।
बालिका की तलाश के लिए पुलिस ने राजस्थान के जयपुर, खाटूश्यामजी, अलवर, कोटा, कोटपूतली, नागौर, सीकर, चूरू, जोधपुर, अजमेर एवं टोंक सहित अनेक जिलों में सघन अभियान चलाया। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश के बरेली एवं आगरा, नई दिल्ली, भोपाल और रतलाम सहित विभिन्न शहरों के धार्मिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, बालिका गृहों, बाल कल्याण समितियों, सखी वन स्टॉप सेंटर, बचपन बचाओ संस्थाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों से संपर्क कर तलाश की गई।
पुलिस टीम ने बालिका की संभावित आवाजाही के मार्गों पर 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। वहीं थाना गांधीनगर एवं साइबर सेल अजमेर की तकनीकी टीमों ने करीब 2286 संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल का विश्लेषण किया तथा इंस्टाग्राम, स्नैपचैट सहित विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर भी लगातार निगरानी रखी।
भेष बदलकर दिल्ली में चलाया सर्च अभियान, आखिरकार मिली सफलता
तकनीकी साक्ष्यों एवं आसूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कड़ियां जोड़ते हुए बालिका की तलाश नई दिल्ली तक पहुंचाई। कश्मीरी गेट क्षेत्र में बालिका की पहचान छिपाकर रहने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने भेष बदलकर आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजारों एवं चाय की दुकानों के आसपास लगातार रेकी और सर्च अभियान चलाया। कड़ी मेहनत, तकनीकी विश्लेषण और सूचनाओं के समन्वय के परिणामस्वरूप 14 नवंबर 2026 को कश्मीरी गेट स्थित किलकारी रेनबो होम फॉर गर्ल्स फाउंडेशन से बालिका को दस्तयाब कर लिया गया।
बाल दिवस पर परिवार को मिली सबसे बड़ी खुशी
बालिका को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों से मिलवाना पुलिस टीम के लिए विशेष उपलब्धि रही। बाल दिवस के अवसर पर नौ माह से अपनी बेटी की प्रतीक्षा कर रहे परिजनों के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई। यह कार्रवाई राजस्थान पुलिस की बाल सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का उदाहरण है।
विशेष भूमिका एवं गठित पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी श्री अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम के श्री आशीष गहलोत, सहायक उप निरीक्षक, साइबर सेल; श्री सीताराम राजावत, कांस्टेबल 2318, थाना गांधीनगर तथा श्री अभय सिंह, कांस्टेबल 2848, साइबर सेल की विशेष भूमिका रही। इनके अतिरिक्त श्री प्रेमचन्द कांस्टेबल 2132, श्री सुरेन्द्र कांस्टेबल 893 एवं श्री पूरणमल कांस्टेबल 1682 ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।